पटना में रिटायर्ड DSP की बहू ने की आत्महत्या, मामले की जांच में जुटी पुलिस

पटना के राजीव नगर में रिटायर्ड डीएसपी कृष्ण मोहन लाल की बहू प्रज्ञा देवी (28) ने खुद को आग लगाकर आत्महत्या कर ली। यह घटना राजीव नगर थाना क्षेत्र के  रोड नंबर 17 में गुरुवार की देर रात हुई। डीएसपी की बहू प्रज्ञा ने अस्पताल ले जाने के दौरान ही दम तोड़ दिया। महिला के पति सुमित कुमार रांची में स्थित एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी करते हैं। तीन दिनों पहले ही वे पटना से रांची गये थे।

डिप्रेशन के कारण महिला के आत्महत्या करने की बात आई सामने

इधर, छानबीन में जुटी पुलिस ने महिला के शव को जब्त कर लिया है। उसे आईजीआईएमएस में सुरक्षित रख दिया गया है। प्रज्ञा के मायके वाले मुंबई में रहते हैं। शुक्रवार को उनके आने के बाद पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई करेगी। राजीव नगर थानाध्यक्ष निशांत कुमार सिंह ने बताया कि तीन महीने पहले महिला के भाई की मुंबई में संदेहास्पद मौत हो गयी थी। उसी वक्त से वह डिप्रेशन में रहती थी। प्रथम दृष्टया डिप्रेशन के कारण महिला के आत्महत्या करने की बात सामने आयी है।

रिपोर्ट- विक्रांत, पटना