बहरीन के पीएम प्रिंस खलीफा का निधन, 84 वर्ष की उम्र में ली अंतिम सांस, दुनिया में सबसे लंबे समय तक रहे प्रधानमंत्री

बहरीन के पीएम प्रिंस खलीफा बिन सलमान अल-खलीफा का बुधवार को 84 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। सलमान अल-खलीफा दुनिया में अब तक के सबसे लंबे कार्यकाल वाले प्रधानमंत्री के रूप में याद किए जाएंगे। उन्होंने 1971 में बहरीन की स्वतंत्रता के बाद से देश के प्रधानमंत्री का पद संभाला हुआ था। वे करीब 49 साल पीएम रहे।

देश में एक सप्ताह के राजकीय शोक की घोषणा

बहरीन न्यूज एजेंसी  ने कहा, ‘रॉयल कोर्ट ने अपने रॉयल हाईनेस के प्रति शोक व्यक्त किया, जिनका आज सुबह अमेरिका के मेयो क्लिनिक में निधन हो गया है।’ साथ ही न्यूज एजेंसी ने कहा कि देश में एक सप्ताह के राजकीय शोक की घोषणा की गई है।

सरकारी मंत्रालयों को तीन दिनों तक बंद रखा जाएगा

उन्हें दफनाने की रस्म अमेरिका से शव स्वदेश लाने के बाद होगी। कोरोना प्रतिबंधों के अनुरूप इस रस्म में शामिल होने वाले रिश्तेदारों की संख्या को सीमित रखा जाएगा। राजकीय शोक सप्ताह के दौरान झंडे को आधे मस्तूल पर फहराया जाएगा। वहीं, सरकारी मंत्रालयों और विभागों को तीन दिनों तक बंद रखा जाएगा।