ग्रेटा थनबर्ग टूलकिट मामला: दिल्ली पुलिस ने बंगलूरू से 21 वर्षीय जलवायु कार्यकर्ता को किया गिरफ्तार

जलवायु परिवर्तन एक्टिविस्ट ग्रेटा थनबर्ग टूलकिट मामले में दिल्ली पुलिस ने पहली गिरफ्तारी की है. दिल्ली पुलिस की साइबर सेल ने बेंगलुरु से 21 साल की क्लाइमेट एक्टिविस्ट दिशा रवि को गिरफ्तार किया है। दिशा फ्राइडे फॉर फ्यूचर कैम्पेन की संस्थापकों में से एक हैं। दिशा पर आरोप है कि उन्होंने किसान आंदोलन से जुड़ी टूलकिट को एडिट किया है। किसान आंदोलन को लेकर भारत विरोधी अंतरराष्ट्रीय साजिश का खुलासा होने के बाद दिल्ली पुलिस सख्ती बरत रही है।

ग्रेटा ने ट्वीट कर किसान आंदोलन का किया था समर्थन

ग्रेटा ने 3 फरवरी को ट्वीट कर किसान आंदोलन का समर्थन किया था। उन्होंने इसमें एक टूलकिट शेयर की थी। इसमें 26 जनवरी को दिल्ली में हुए प्रदर्शन के बारे में जानकारी शेयर की गई थी। इसके बाद ट्विटर ने इस डॉक्युमेंट को प्रतिबंधित कर ग्रेटा के ट्वीट डिलीट कर दिए थे। दिल्ली पुलिस की साइबर सेल ने टूलकिट मामले में 4 फरवरी को देश के खिलाफ साजिश रखने, हिंसा के लिए भड़काने और नफरत फैलाने के मामले में पहला मामला दर्ज किया था।

कौन है दिशा रवि ?

बताया जा रहा है कि जलवायु कार्यकर्ता दिशा ने माउंट कैर्मेल कॉलेज से बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन स्नातक की डिग्री हासिल की है। दिशा इस समय गुड माइल्क कंपनी के साथ जुड़ी हुई हैं। सूत्रों ने बताया कि दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने जब उन्हें गिरफ्तार किया गया, उस वक्त वह घर से ही काम कर रही थीं। दिशा रवि के पिता मैसूरु में एक एथलेटिक्स कोच हैं, जबकि उनकी मां एक गृहिणी हैं

क्या है टूलकिट ?

टूलकिट एक डॉक्यूमेंट है। इसमें बताया गया है कि आंदोलन के दौरान सोशल मीडिया पर समर्थन कैसे जुटाया जाए, किस तरह के हैशटैग का इस्तेमाल किए जाएं, प्रदर्शन के दौरान अगर कोई दिक्कत आए तो कहां कॉन्टैक्ट करें? इस दौरान क्या करें और क्या करने से बचें?