किसानों का रेल रोको आंदोलनः सरकार को ललकार, रेल यात्रियों को पानी, दूध और चाय भी पिलांएगे किसान

कृषि कानूनों के खिलाफ किसान एक बार फिर सरकार को चुनौती देने वाले हैं। किसानों की ओर से रेल रोको आंदोलन का आह्वान किया गया है। किसान जहां एक ओर लगातार भारत सरकार से बातचीत का आह्वान कर रहे हैं वहीं आंदोलन को धार देने में भी जुटे हैं। संयुक्त किसान मोर्चा की ओर से पूरे देश में रेल रोको आंदोलन किया जाएगा।

दोपहर 12 बजे से चार बजे तक रेल रोको आंदोलन

यह दोपहर 12 बजे से चार बजे तक किसान अपने नजदीकी रेलवे स्टेशन पर जाकर रेल रोकेंगे। इस दौरान किसान सबसे पहले रेल का फूल मालाओं से स्वागत करेंगे और उसके बाद रेल यात्रियों से संवाद करेंगे। इस दौरान आंदोलनकारी किसान रेल यात्रियों को पानी, दूध और चाय भी पिलांएगे। दूध की व्यवस्था बच्चों के लिए की गई है।

रेल रोकने के दौरान शांति बनाए रखने की अपील

भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता ने यूनियन के सभी कार्यकर्ताओं से दूध, चाय और पानी की व्यवस्था कर अपने नजदीकी रेलवे स्टेशन पर पहुंचने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि रेल रोकने के दौरान शांति बनाए रखें। उन्होंने रेल यात्रियों से भी आव्हान किया है कि किसान की बात सुनने के लिए वे भी अपना थोड़ा सा समय दें और आंदोलन में सहयोग करें।