चीन में भूकंप से 116 की मौत, मलबे का ढेर बन गईं ऊंची-ऊंची इमारतें, राहत कार्य शुरू, राष्ट्रपति ने दिए निर्देश, पाकिस्तान में भी झटके महसूस हुए

चीन में आई भूकंप में अब तक 116 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। वहीं, 400 से ज्यादा घायल हुए हैं। चीन के गांसू और किंघई प्रांत में देर रात भूकंप आई जिसकी तीव्रता 6.1 थी… भूकंप का केंद्र गांसु के लिंक्सिया हुई में साला काउंटी में जमीन के 10 किलोमीटर नीचे रहा। प्रांत में ऊंची-ऊंची इमारतों के लिए कितना घातक साबित हुआ, इसका नजारा चीन से आई तस्वीरों और वीडियो में साफ देखा जा सकता है। चीन की आपात सेवाओं को भूकंप के ठीक बाद मलबे में तब्दील हुई कई इमारतों से लोगों को सही-सलामत निकालने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने भी सरकार और प्रशासन के सभी अंगों से ऑल आउट ऑपरेशन चलाने को कहा है।

गांसू प्रांत में आए इस भूकंप के वीडियो और इसके असर से जुड़ी तस्वीरें साझा की गई हैं। इसके अलावा कुछ लोगों ने भी भयावह मंजर को बयां किया है। इनमें से एक वीडियो जो सोशल मीडिया में तेजी से वायरल हुआ है, उसमें ऊंची इमारत में बने एक कमरे को बुरी तरह कांपते देखा जा सकता है। इस दौरान कमरे से सामान और प्लास्टर को टूटकर नीचे गिरते भी देखा गया।

कई उंची-ऊंची इमारतें मलबे में तब्दील

चीन से जो तस्वीरें सामने आ रही हैं, उनमें कई ऊंची इमारतों को मलबे में तब्दील होते हुए देखा जा सकता है। इस दौरान लोग अपने घरों से निकलकर सुरक्षित जगह की तलाश में इधर-उधर भागते भी दिखे। शिन्हुआ न्यूज एजेंसी के मुताबिक, कई गांवों में इस भूकंप के बाद बिजली और पानी की सप्लाई कट गई। इसके साथ ही आपात सेवाओं के कई वाहनों को लोगों की मदद के लिए प्रभावित क्षेत्रों में भागते देखा जा सकता है

चीन में भूकंप आते रहते हैं। अगस्त में 2023 में पूर्वी चीन में 5.4 तीव्रता का हल्का भूकंप आया, जिसमें 23 लोग घायल हो गए और दर्जनों इमारतें ढह गईं थीं। सितंबर 2022 में भी सिचुआन प्रांत में 6.6 तीव्रता का भूकंप आया, जिसमें लगभग 100 लोग मारे गए थे।

2008 में भूकंप में 87 हजार से अधिक लोगों की गई थी जान

2008 में 7.9 तीव्रता के भूकंप में 87 हजार से ज्यादा लोग मारे गए थे। इनमें 5335 स्कूली बच्चे शामिल थे। चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। इसी के साथ उन्होंने मृतकों की संख्या कम करने के लिए उपाय करने के भी निर्देश दिए हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया जा रहा है, जहां उनका इलाज जारी है।