आज शाम लैग्रेंज पॉइंट पर पहुंचेगा आदित्य-L1 स्पेसक्राफ्ट, 126 दिन में 15 लाख Km का तय किया सफर

इसरो का आदित्य-L1 स्पेसक्राफ्ट आज शाम लैग्रेंज पॉइंट पर पहुंचेगा…आदित्य-L1 स्पेसक्राफ्ट 126 दिनों में 15 लाख किमी का सफर तय करने के बाद सन-अर्थ लैग्रेंज पॉइंट 1 (L1) तक पहुंच जाएगा। आज शाम करीब 4 बजे इसके हेलो ऑर्बिट में पहुंचने की उम्मीद है। ये मिशन 5 साल का होगा।

आदित्य-L1 को हेलो ऑर्बिट में भेजा जाएगा

स्पेसक्राफ्ट में 440N लिक्विड अपोजी मोटर (LAM) लगी है, जिसकी मदद से आदित्य-L1 को हेलो ऑर्बिट में भेजा जाएगा। यह मोटर इसरो के मार्स ऑर्बिटर मिशन (MOM) में इस्तेमाल की गई मोटर के समान है। इसके अलावा आदित्य-L1 में आठ 22N थ्रस्टर और चार 10N थ्रस्टर हैं, जो इसके ओरिएंटेशन और ऑर्बिट को कंट्रोल करने के लिए जरूरी हैं।

L1 अंतरिक्ष में ऐसा स्थान है, जहां पृथ्वी और सूर्य की गुरुत्वाकर्षण शक्तियां संतुलित होती हैं। हालांकि, L1 तक पहुंचना और स्पेसक्राफ्ट को इस ऑर्बिट में बनाए रखना कठिन टास्क है। L1 का ऑर्बिटल पीरियड करीब 177.86 दिन है।

2 सितंबर को इसरो ने किया था लॉन्च

आदित्य L1 को 2 सितंबर को सुबह 11.50 बजे PSLV-C57 के XL वर्जन रॉकेट के जरिए श्रीहरिकोटा के सतीश धवन स्पेस सेंटर से लॉन्च किया गया था। लॉन्चिंग के 63 मिनट 19 सेकेंड बाद स्पेसक्राफ्ट को पृथ्वी की 235 Km x 19500 Km की कक्षा में स्थापित कर दिया था।

जिस सोलर सिस्टम में हमारी पृथ्वी है, उसका केंद्र सूर्य ही है। सभी आठ ग्रह सूर्य के ही चक्कर लगाते हैं। सूर्य की वजह से ही पृथ्वी पर जीवन है। सूर्य से लगातार ऊर्जा बहती है। इन्हें हम चार्ज्ड पार्टिकल्स कहते हैं। सूर्य का अध्ययन करके ये समझा जा सकता है कि सूर्य में होने वाले बदलाव अंतरिक्ष को और पृथ्वी पर जीवन को कैसे प्रभावित कर सकते हैं।