झारखंड के जामताड़ा स्टेशन के पास बड़ा हादसा, 12 यात्रियों पर चढ़ी ट्रेन, कई की मौत, सीएम ने जताया दुख

झारखंड के जामताड़ा में बड़ा हादसा हो गया। यहां के कालाझरिया रेलवे स्टेशन पर एक ट्रेन यात्रियों पर चढ़ गई, जिसकी चपेट में आकर कई लोगों के मरने की सूचना मिली है। हादसा जामताड़ा और विद्यासागर स्टेशन के बीच हुआ, जहां कई यात्रियों पर ट्रेन चढ़ गई।

इस हादसे में 12 लोग ट्रेन की चपेट में आए हैं, जबकि रेस्क्यू टीम को 2 लोगों के शव बरामद हुए। रात में अंधेरा के कारण जान गंवाने वालों की संख्या का फिलहाल सही अनुमान अभी पता नहीं लग पाया है। मौके पर रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।

उपायुक्त, जामताड़ा ने बताया कि जामताड़ा के कालाझरिया रेलवे स्टेशन पर एक ट्रेन ने यात्रियों को कुचल दिया। कुछ मौतों की सूचना मिली है। मौतों की सही संख्या की पुष्टि बाद में की जाएगी। मेडिकल टीमें और एम्बुलेंस मौके पर पहुंच चुकी है।

जामताड़ा ट्रेन हादसा पर कौशिक मित्रा, सीपीआरओ, पूर्वी रेलवे ने बताया कि विद्यासागर कासितार से गुजरने वाली ट्रेन संख्या 12254 से कम से कम 2 किमी दूर ट्रैक पर चल रहे दो व्यक्ति ट्रेन की चपेट में आ गए। आग लगने की कोई घटना नहीं हुई है। फिलहाल दो मौतों की पुष्टि हो चुकी है। मृतक यात्री नहीं थे बल्कि ट्रैक पर चल रहे थे। मामले की जांच के लिए 3 सदस्यीय जेएजी समिति का गठन किया गया है।

झारखंड के मुख्यमंत्री चंपई सोरेन ने ट्वीट किया, “जामताड़ा के कलझारिया स्टेशन के पास हुई ट्रेन दुर्घटना की दुखद खबर से मन व्यथित है। ईश्वर दिवगंत आत्माओं को शांति प्रदान कर शोकाकुल परिजनों को दुःख की यह विकट घड़ी सहन करने की शक्ति दें। प्रशासन की टीम मौके पर राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई है। दुर्घटना में घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं।”

पीएम मोदी ने झारखंड में हुए रेल हादसे पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि झारखंड के जामताड़ा में हुए हादसे से दुखी हूं. मेरी संवेदनाएं उन सभी के साथ हैं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया है. घायल शीघ्र स्वस्थ हों.