कोरोना वायरस की दूसरी लहर ने त्राहिमाम कर रखा है। वहीं दूसरी ओर जीवन रक्षक चीजों की कालाबाजारी करने वालों का गिरोह भी सक्रिय है।
ऐसे में आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) की टीम ने रेमडेसिविर इंजेक्शन बेचने वाले एक ऐसे ही गिरोह का पर्दाफाश किया है। ईओयू की टीम ने पटना के कंकड़बाग इलाके में इंजेक्शन बेचने वाले गिरोह के तीन लोगों को दबोच लिया। उनके पास से तीन पैक और दो खाली इंजेक्शन बरामद किए गए।
तीनों की पहचान कंकड़बाग के चांदमारी रोड नंबर आठ निवासी अमित कुमार, अशोक नगर रोड नंबर एक सी निवासी नीतिश कुमार और कंकड़बाग के चांदमारी रोड नंबर आठ निवासी भास्कर पाठक के रूप में हुई है।
पूछताछ में पता चला कि नीतिश कुमार एक फार्मा कंपनी का सेल्स अधिकारी है, जबकि भास्कर एक न्यूज़ पोर्टल कंपनी में एचआर का काम करता है।