तलाकशुदा महिला की हत्या की गुत्थी सुलझ गई, सगा भाई ही निकला बहन का कातिल, जानिए

भोजपुर के गीधा ओपी क्षेत्र के मटियारा गांव निवासी तलाकशुदा महिला की हत्या की गुत्थी सुलझ गयी है। सगा भाई ही बहन का कातिल निकला। बहन के अवैध संबंध से नाराज होकर हत्या कर दी थी। पुलिस ने आरापित मनीष कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल देसी कट्टा, खोखा और एंड्राइड मोबाइल बरामद किया गया है। पूछताछ के दौरान उसने हत्या की बात भी कबूल कर ली।

एसपी विनय तिवारी ने शनिवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि हत्या के बारे में परिजन भी कुछ नहीं बता रहे थे। एएसपी हिमांशु के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया। टीम की ओर से प्राप्त मोबाइल नंबर के आधार पर तकनीकी अनुसंधान शुरू किया गया। इस दौरान सर्विलांस प्रारंभ कर मोबाइल नंबर के विश्लेषण के आधार पर मनीष कुमार को गिरफ्तार किया गया।

एसपी के अनुसार मनीष ने बताया कि उसकी तलाकशुदा बहन का कुछ लोगों से अवैध संबंध था। इससे परिवार की बदनामी हो रही थी। मना करने पर भी वह अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रही थी। इसके बाद उसने बहन की हत्या कर दी। बता दें कि चैती नवरात्र के पहले दिन दो अप्रैल को मटियारा गांव में एक महिला का शव बरामद किया गया। वह मटियारा गांव के स्व. इश्वरचंद महतो की पुत्री दुर्गा कुमारी थी। उसकी कनपट्टी में गोली मार की हत्या की गयी थी। परिजनों की ओर से अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी गयी थी। एसपी ने बताया कि हत्या ब्लाइंड था। ऐसे में कांड का खुलासा करना महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

शादी के पंद्रह दिन बाद ही पति से हो गया था तलाक

मटियारा गांव निवासी ने बताया था कि उसकी बहन दुर्गा की शादी 2020 में नवादा थाना क्षेत्र के अनाइठ निवासी गुड्डू नामक युवक से हुई थी। शादी के बाद ही विवाद हो गया और 10-15 दिन बाद दोनों का तलाक हो गया था। इसके बाद पुलिस ने उसकी बहन को मायके मटियारा पहुंचा दिया था। इसके बाद से वह मायके में ही रह रही थी।