उदयपुर के कन्हैयालाल के तर्ज पर ही अमरावती में हत्या का शक,जाँच में जुटी पुलिस

उदयपुर में कन्हैया लाल की हत्या का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ था कि महाराष्ट्र के अमरावती शहर में रहने वाले एक केमिस्ट उमेश कोल्हे की बीती 21 जून को गला रेतकर हत्या करने का मामला सामने आया है। यह हत्या तब हुई जब वह रात के समय अपने मेडिकल स्टोर से घर लौट रहे थे। फिलहाल हत्या की वजह का अभी तक पता नहीं चल पाया है। यह हत्याकांड कन्हैयालाल की हत्या से एक सप्ताह पहले का बताया जा रहा है। हालांकि, मामले की छानबीन में अमरावती पुलिस जुटी हुई है। इस मामले को लेकर सोशल मीडिया में यह दावा किया जा रहा है कि नूपुर शर्मा के समर्थन में एक पोस्ट की वजह कोल्हे की निर्मम हत्या की गई है।

नूपुर शर्मा के समर्थन में पोस्ट!

सूत्रों के मुताबिक उमेश कोल्हे ने व्हाट्सएप पर नूपुर शर्मा के समर्थन में एक पोस्ट सोशल मीडिया पर शेयर किया था। जो गलती से एक मुस्लिम सदस्यों के ग्रुप में चला गया। जिनमें कुछ उनके ग्राहक भी थे। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में से एक ने पुलिस को बताया कि उनके मुताबिक यह पैगंबर का अपमान था। इसलिए उन्हें इसलिए उनकी हत्या की गई। पुलिस ने इस बात की औपचारिक पुष्टि नहीं की है।

मास्टरमाइंड अभी भी है फरार

इस मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। अब तक पुलिस के हाथ पाँच अपराधी लग चुके है।पुलिस ने 23 जून को दो आरोपियों मुदस्सिर अहमद और शाहरुख पठान (25) को गिरफ्तार किया था। उनसे पूछताछ में चार अन्य लोगों की संलिप्तता की बात सामने आई थी। जिनमें से अब्दुल तौफीक (24) शोएब खान (22) और आतिब राशिद(22) को बीते 25 जून को गिरफ्तार किया गया है। हालांकि इस मामले का मास्टरमाइंड अहमद फिरोज अब तक फरार है।