लखनऊ में एक युवक की मौत, बहन के प्रेमी ने की गला घोंट कर हत्या पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार….

लखनऊ के मलिहाबाद के पुरवा में युवक की हत्या बहन के प्रेमी ने गला घोंट कर की थी। रविवार को पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद यह दावा किया। युवक की बहन और आरोपी के बीच दस साल से प्रेम प्रसंग था।

एएसपी ग्रामीण हृदयेश कठेरिया ने बताया कि शुक्रवार को पुरवा निवासी संजीत का शव घर के अंदर तख्त पर पड़ा मिला था। घर का पिछला दरवाजा भी खुला हुआ था। पोस्टमार्टम कराए जाने पर संजीत की हत्या गला दबा कर किए जाने की पुष्टि हुई थी। शक के आधार पर पूछताछ करना शुरू किया। जिसमें संजीत की छोटी बहन का प्रेम प्रसंग गांव के ही रामबाबू उर्फ रामू कश्यप से होने की जानकारी मिली थी। यह भी पता चला कि रामू और संजीत के बीच पूर्व में विवाद हुआ था। इस आधार पर रामू से पूछताछ की गई।

आरोपी ने बताया कि करीब दस साल से वह संजीत की छोटी बहन से प्रेम करता था। वह शादी करना चाहता था। लेकिन संजीत तैयार नहीं था। उसने छोटी बहन का रिश्ता माल में तय कर दिया था। यह जानकारी होने के बाद से ही रामू बदला लेने का मन बना चुका था। शुक्रवार रात वह संजीत को समझाने के लिए गया था। जहां दोनों ने साथ बैठ कर शराब पी। नशा अधिक होने पर संजीत बेसुध होने लगा। मौका मिलते ही आरोपी ने गला घोंट कर हत्या कर दी। जिसके बाद वह पिछला दरवाजा खोल कर घर से बाहर चला गया था। एएसपी ने बताया कि वारदात को अंजाम देने के बाद भी रामू गांव में ही था। वह शव मिलने के बाद घर भी आया था। एएसपी ने बताया कि रामू ने ग्राम प्रधान का चुनाव लड़ा था। जिसमें वह हार गया था।