जान बचाने वाले डॉक्टर क्यों बने किसी के जान की दुसमन, पुलिस के सामने ही ब्लॉक प्रमुख के पति पर चलाई गोली….

यूपी में कुशीनगर के कसया में बुधवार को मार्ग निर्माण को लेकर विवाद के दौरान पुलिस की मौजूदगी में एक डॉक्टर ने हाटा ब्लॉक प्रमुख के पति पर गोली चला दी। चौकी प्रभारी संजय सिंह की फुर्ती से वह बाल-बाल बचे। डॉक्टर पर हत्या के प्रयास का केस दर्ज पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आपसी लड़ाई में डॉक्टर ने पुलिस के सामने ही फायरिंग कर दी।

जानकारी के मुताबिक सपहां रोड स्थित पुराना सिनेमा हाल वाली गली में ब्लाक प्रमुख पति सुधीर राव व नेत्र चिकित्सक डॉ. संजीव सिंह का मकान है। डॉ. संजीव मूलत देवरिया के रामगुलाम टोला के रहने वाले हैं। गली में सड़क निर्माण चल रहा है। सुबह काम शुरू हुआ तो डॉक्टर ने अपने घर के सामने तीन फुट जगह छोड़ कर निर्माण की बात ठेकेदार से कही। सुधीर ने इस पर आपत्ति जताई तो दोनों में झड़प हो गई। इसी बीच नगर चौकी प्रभारी संजय सिंह पहुंच गए।

आरोप है कि झड़प के बीच डॉक्टर ने लाइसेंसी पिस्टल से सुधीर पर गोली चला दी। तभी चौकी प्रभारी ने डॉक्टर के हाथ पर झपट्टा मार दिया, जिससे सुधीर बाल-बाल बच गए। चौकी प्रभारी ने डॉक्टर को दबोच लिया और पिस्टल छीन ली। पुलिस डॉक्टर को लेकर थाने की ओर बढ़ी तो मार्ग में भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने लाठी भांज भीड़ को खदेड़ा। बाद में सुधीर की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज कर डॉक्टर को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने कहा कि मामले में केस दर्ज कर लिया गया है और आरोपी भी हिरासत में है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। साथ ही अन्य लोगों से मामले के संबंध में जानकारी ली जा रही है। पुलिस ने बताया कि आपसी लड़ाई के चलते डॉक्टर ने फायरिंग की थी और इस घटना में किसी को चोट नहीं आई है।