पशु चिकित्सा पदाधिकारियों और मत्स्य विकास पदाधिकारियों को आज नियुक्ति पत्र सौंपेंगे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार…..

बिहार सरकार युवाओं को नौकरी देने के अपने वायदे को पूरा करने के लिए लगातार कार्यरत है। पिछले दिनों मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भू-राजस्व विभाग में नवनियुक्त कर्मचारियों को नियुक्ति पत्र सौंपा था तो आज मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पशु चिकित्सा पदाधिकारियों और मत्स्य विकास पदाधिकारियों को नियुक्ति पत्र वितरित करेंगे।

शाम 4 बजे ज्ञान भवन में होगा नियुक्ति पत्र का वितरण….

पटना के ज्ञान भवन में शाम 4 बजे से नियुक्ति पत्र के वितरण का यह कार्यक्रम शुरू होगा। इस दौरान डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव और पशु एवं मत्स्य संसाधन विभाग के मंत्री मोहम्मद अफाक आलम भी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ मौजूद रहेंगे। पशु चिकित्सा पदाधिकारी और मत्स्य विकास पदाधिकारियों का चयन पहले ही हो चुका है। आज उनको बिहार के मुख्यमंत्री के द्वारा नियुक्ति पत्र सौंपा जाएगा।

सभी विभागों में नौकरी देने की चल रही तैयारी…..

शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग, गृह विभाग सहित अन्य विभागों में नौकरी देने की तैयारी भी की जा रही है। डिप्टी सीएम ने पिछले दिनों बयान भी दिया था कि स्वास्थ्य विभाग में डेढ़ लाख नियुक्ति होगी। वहीं शिक्षा विभाग में भी बड़े पैमाने पर शिक्षकों के पद खाली पड़े हैं और नई नियमावली भी तैयार की जा रही है।

4325 राजस्व अधिकारीयों को दिया जा चुका है नियुक्ति पत्र….

पिछले दिनों राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग में भी 4325 राजस्व अधिकारियों को नियुक्ति पत्र वितरित किया गया था। पूर्व राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के मंत्री रामसूरत राय ने उसको लेकर आरोप भी लगाया था कि पहले ही सभी कर्मचारियों को जिला आवंटित हो चुका है। फिर मुख्यमंत्री की ओर से नियुक्ति पत्र क्यों वितरित किया गया?

10 लाख सरकारी नौकरी का वादा….

महागठबंधन की सरकार बनने के बाद 10 लाख सरकारी नौकरी और 10 लाख रोजगार देने का वादा किया गया है और उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव लगातार बयान भी दे रहे हैं कि हम लोग वादा पूरा करने में लगे हैं। सभी विभागों को खाली पड़े पदों की सूची भी तैयार करने का पहले ही निर्देश दिया जा चुका है।