कोरोना : चीन से वापस लौटे 647 भारतीय, मालदीव के भी 7 नागरिक, विदेश मंत्री बोले-आभारी हूं

 

चीन में कोरोना वायरस से फैली महामारी के बीच भारत सरकार चीन में फंसे भारतीय नागरिकों को लगातार वापस ला रही है। चीन के वुहान शहर से उड़ान भरने वाले विमान से 323 भारतीय अपने देश लौटे हैं। इनके साथ हीं मालदीव के सात नागरिकों को भी दिल्ली लाया गया है। यह विमान चीन के वुहान शहर से सुबह 3.10 बजे नई दिल्ली के लिए उड़ान भरी थी।

मालदीव के विदेश मंत्री ने जताया आभार

मालदीव के विदेश मंत्री अब्दुल्ला शाहिद ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और विदेश मंत्री एस जयशंकर के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा है कि वुहान से लौट रहे 7 लोगों को अभी नई दिल्ली में ही निगरानी में रखा जाएगा।

शनिवार को आये थे 324 भारतीय

आपको बता दें कि इससे पहले शनिवार को भी भारत सरकार ने स्पेशल विमान से चीन में फंसे भारतीय नागरिकों को वापस बुलाया था। जिसमें 324 भारतीय दिल्ली लाए गये थे। इन्हें सुरक्षित स्थानों पर रखा गया है।
इस विमान में क्रू मेंबर्स के साथ ही राम मनोहर लोहिया अस्पताल के 5 डॉक्टर और पैरामेडिकल स्टाफ भी था। इनके पास जरूरी दवाएं और मास्क समेत अन्य आवश्यक चीजें भी थीं। चीन से लौटे इस विमान में सवार 323 भारतीयों के साथ ही अब तक 647 नागरिक नई दिल्ली वापस लाए जा चुके हैं.