उत्तरप्रदेश में 16 जनवरी तक कक्षा 10वीं तक के सभी स्कूल हुए बंद तो वही मुंबई में 15फरवरी तक सभी कॉलेज रहेंगे बंद।

देशभर में कोरोना की रफ्तार बेकाबू होने लगी है। दिल्ली, मुंबई, पश्चिम बंगाल, केरल, बिहार, गुजरात, राजस्थान समेत दूसरे राज्यों में धीरे-धीरे हालात काबू से बाहर होने लगे हैं। जहां एक तरफ भारत की राजधानी दिल्ली में 24 घंटे में कोरोना के 10,665 नए मामले सामने आए हैं वहीं दूसरी तरफ भारत की आर्थिक राजधानी मुंबई में यह संख्या 15,166 तक जा पहुंची है। बढ़ते कोविड मामलों के मद्देनजर महाराष्ट्र सरकार ने 15 फरवरी तक कॉलेज बंद करने का आदेश जारी कर दिया है। साथ ही यूपी में भी 16 जनवरी तक 10वीं कक्षा तक के सभी स्कूलों का बंद करने का फैसला लिया गया है। हिमाचल प्रदेश और बिहार में रात 10 बजे से सुबह 5 बजे तक नाइट कर्फ्यू लागू किया गया है।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कोविड के बढ़ते मामलों को लेकर स्कूलों को बंद करने के निर्देश दिए हैं। यूपी में 10वीं तक के सभी स्कूल 16 जनवरी 2022 तक बंद करने का फैसला लिया गया है। सीएम के फैसले के बाद गृह विभाग के आदेशों में कहा गया है कि उत्तर प्रदेश में 10वीं क्लास तक के सभी स्कूलों में 16 जनवरी तक अवकाश घोषित किया जाए। 11-12वीं के बच्चों को केवल टीकाकरण के लिए ही स्कूल बुलाया जाए। टीकाकरण के अगले दिन इन बच्चों को अवकाश दिया जाएगा। शेष अवधि में 11वीं-12वीं के विद्यार्थियों की कक्षाएं ऑनलाइन माध्यम से संचालित की जाएंगी।