मुंगेर में तीन लोगों की भूमि विवाद में गोली मारकर हत्या, दो पक्षों में दो घंटे तक दर्जनों राउंड फायरिंग

बिहार में मुंगेर के कासिम बाजार थाना क्षेत्र के मोकबिरा चांय टोला में शुक्रवार की रात दो पक्षों के बीच दर्जनों राउंड फायरिंग हुई। खबर है कि दोनों पक्षों के तीन लोगों की मौत हो गई। मृतकों में एक पक्ष से जयजय राम साव व उसका पुत्र कुंदन साव और दूसरे पक्ष से सागर कुमार महतो शामिल हैं। चार थानों की पुलिस मौके पर करीब दो घंटे तक गोलीबारी के बाद पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा है। साथही पुलिस ने बताया है कि एक पक्ष से आर्मी जवान चंदन साव को गिरफ्तार कर लिया गया है। घटना के बाद विराट टोला में दोनों पक्षों के बीच तनाव की स्थिति बनी हुई है, जबकि ग्रामीण दहशत में हैं।

जमीन पर कब्जा के लिए लाखो की  मांगी थी रंगदारी 

जानकारी के अनुसार 12 वर्ष पूर्व ओम प्रकाश सहनी ने 12 कट्ठा 3 धूर जमीन खरीदी थी। उस जमीन पर कब्जा को लेकर रामा बिंद ने ओमप्रकाश से पांच लाख रुपए रंगदारी मांगी थी। इसको लेकर दोनों पक्षों के बीच तनातनी चल रही थी। इसी विवाद ने शुक्रवार को हिंसक रूप ले लिया और तीन लोगों जान चली गयी।

दोपहर से रात तक – मामला तनाव से हत्या तक पहुंचा

इसी जमीन के विवाद को लेकर शुक्रवार की दोपहर भी दोनों पक्ष के बीच मारपीट के साथ तनाव का माहौल पैदा हो चूका था। तनाव के बाद  रात आठ बजे दोनों पक्ष के बीच अचानक गोलीबारी शुरू हो गई। इसमें 26 वर्षीय कुंदन साह गोली लगने के कारण गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों ने इलाज के लिए उसे सदर अस्पताल लाया वहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। जबकि गोलीबारी के दौरान घटनास्थल पर ही 18 वर्षीय सागर बिंद और 55 वर्षीय जयजय राम साह की मौत हो गई। सदर अस्पताल में रात 11:30 बजे तक दो लोगों का ही शव पहुंचा था। जिसमें सागर बिंद और कुंदन साव का शव शामिल है। जबकि जयजय राम साव का शव देर रात तक अस्पताल नहीं पहुंचाया जा सका था।

एसपी मानवजीत सिंह ढिल्लो बोले 

एसपी मानवजीत सिंह ढिल्लो ने बताया कि जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच गोलीबारी के दौरान तीन लोगों की मौत हुई है। एक पक्ष से जयजय राम साह व उनके पुत्र कुंदन साह और दूसरे पक्ष से सागर कुमार महतो की मौत हुई है। पुलिस मामले की जानकारी मिलने के बाद घटनास्थल पर पहुंच चुकी है। घटना को लेकर पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है। साथही इस मामले में एक पक्ष से एक आर्मी जवान को गिरफ्तार किया गया है। इसके साथ ही अन्य लोगों की पहचान की जा रही है।