मुज़फ़्फ़रपुर रेड लाइट एरिया में शराब पीते पकड़ा गया दारोगा, रेंज आईजी ने की पुलिस विभाग से हमेशा के लिए छुट्टी

मुज़फ़्फ़रपुर, 3 जून, सब इंस्पेक्टर मनोज राम निराला को रेड लाइट एरिया में होटल संचालक व एक अन्य के साथ शराब पीते रंगेहाथ पकड़ा गया। सब इंस्पेक्टर मनोज राम निराला को तिरहुत रेंज के आईजी गणेश कुमार ने तत्काल प्रभाव से पुलिस की सेवा से बर्खास्त कर दिया है। इस कार्रवाई की जानकारी रेंज आईजी ने गुरुवार को दी। उन्होंने बताया कि विभागीय जांच में उत्पाद अधिनियम के उल्लंघन का मामला सही पाया गया है। इसके बाद बर्खास्तगी की कार्रवाई की गई है। बीते दो दिनों में ये दूसरे सब-इंस्पेक्टर है, जिसे आईजी ने बर्खास्त किया है। बतादें कि इससे पहले बुधवार को बीके यादव पर कार्रवाई की गई थी।

गौरतलब है कि सब इंस्पेक्टर मनोज राम निराला को 29 नवंबर 2018 को नगर थाना मुजफ्फरपुर की रेड लाइट एरिया(शुक्ला रोड) स्थित एक होटल में दो लोगों के साथ शराब पीते रंगेहाथ पकड़ा गया था।  जमादार प्रदीप कुमार झा के बयान पर सब इंस्पेक्टर मनोज राम निराला, होटल संचालक रामबाग निवासी संजीव कुमार और संदीप कुमार के खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत तत्कालीन थानेदार धनंयज कुमार ने केस दर्ज किया था। आरोपित को कई माह तक न्यायिक हिरासत में भी रहना पड़ा था। जमानत पर छूटने के बाद पुन: ज्वाइनिंग हुई थी। हथौड़ी थाना से निलंबित होने के बाद वर्तमान में पुलिस लाइन में तैनाती थी।