लगभग एक माह पहले बिहार स्टाफ सिलेक्शन कमीशन के पेपर लीक मामले में कुछ दिनों के अंतराल के बाद अब एक बार फिर से आर्थिक अपराध इकाई ने बड़ी कार्रवाई की है। आर्थिक अपराध इकाई की एसआईटी ने बेगूसराय के भाजपा जिला अध्यक्ष राजकिशोर सिंह के विकास विद्यालय में छापेमारी की है और वहां के अकाउंटेंट रोशन कुमार को गिरफ्तार किया है।
बिहार में पिछले दिनों कर्मचारी चयन आयोग के परीक्षा का प्रश्नपत्र सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया था जिसके बाद इसको लेकर सरकार की काफी किरकिरी हुई थी और सरकार ने इस मामले की जांच आर्थिक अपराध इकाई को करने की जिम्मेदारी सौंप दी थी। इसके बाद ईओयू ने लगातार छापेमारी कर कई लोगों को गिरफ्तार किया था। इसी जांच के दौरान अब यह बात सामने आई है कि इस परीक्षा का सवाल बेगूसराय के विकास विद्यालय सेंटर से ही बहार आया था। जिसके बाद अब आर्थिक अपराध इकाई ने स्कूल के अकाउंटेंट रोशन कुमार को गिरफ्तार किया है। जांच में नयी बात सामने आई है कि अकाउंटेंट रोशन ने कर्मचारी चयन आयोग एग्जाम के पहले प्रश्न पत्र को अपने ही मोबाइल से फोटो खींच लिया और इसे एक कैंडिडेट को भेज भी दिया।