2024 चुनाव के पहले फिर होगा पुलवामा अटैक, कांग्रेस नेता उदित राज ने दिया विवादित बयान

कांग्रेस नेता उदित राज ने पुलवामा हमले को लेकर विवादित बयान दिया है। राहुल गांधी द्वारा पुलवामा हमले पर दिए गये बयान का समर्थन करते हुए कहा कि 2024 में चुनाव से पहले और पुलवामा अटैक हो सकता है। उन्होंने यह भी आशंका जताई कि सत्ता में बने रहने के लिए मोदी सरकार ने 40 जवानों की जान का सौदा किया। उदित राज केंद्र पर निशाना साधते हुए शहीदों की जाति और वर्ग का भी हवाला दे दिया। उन्होंने राहुल गांधी से भी चार कदम आगे निकलते हुए कहा कि अगले लोकसभा चुनाव से पहले भी पुलवामा जैसा कोई नृशंस हमला हो सकता है।

सत्ता के लिए जवानों का सौदा

पुलवामा में उन्होंने सरकार का हाथ बताते हुए ट्वीट किया, ’जो लोग सत्ता पाने के लिए गुजरात में नरसंहार करवा सकते हैं, वो सत्ता बनाए रखने के लिए 40 जवानों की जान का सौदा भी कर सकते हैं। इनके लिए देशभक्ति और राष्ट्रवाद जनता को भरमाने का एक टूल भर है।’

एक अन्य ट्वीट में उदित राज ने कहा, ’सोशल मीडिया पर राष्ट्रवाद का प्रचार करने वाले लोग अक्सर उच्च जाति के होते हैं और जिन सैनिकों ने मुख्य रूप से हमले में अपनी जान गंवाई वे SC/ST/OBC समुदायों से आते हैं। हाशिए पर खड़े समुदायों को सत्ताधारी सवर्णों की देशभक्ति की कीमत चुकानी पड़ती है।