लखनऊ के चौराहों पर लगी उपद्रवियों के तस्वीर वाली होर्डिंग, क्षतिपूर्ति के लिए 53 चेहरे चिन्हित

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनउ में सीएए और एनआरसी के दौरान हुई हिंसा में जान माल के नुकसान की भरपाई के लिए 53 उपद्रवियों को चिन्हित कर लिया गया है। प्रशासन ने इनसे वसूली का अभियान शुरू कर दिया है। राजधानी के प्रमुख चौराहों पर उपद्रवियों की तस्वीर वाली होर्डिंग भी लगवाई गई है। इसकी शुरूआत बृहस्पतिवार से हो गई। हजरतगंज सहित कई प्रमुख चौराहों पर इन चिह्नित उपद्रवियों की तस्वीर वाली होर्डिंग लगा दी गई है।

उपद्रवियों के खिलाफ रिकवरी नोटिस

जिलाधिकारी अभिषेक प्रकाश के मुताबिक, राजस्व कोर्ट स्तर से नुकसान की भरपाई के लिए उपद्रवियों के खिलाफ रिकवरी नोटिस जारी किया गया है। इस हिंसक प्रदर्शन में 1.61 करोड़ की संपत्ति का नुकसान हुआ है।

आरोपियों से नुकसान की भरपाई के लिए प्रशासन ने सख्ती करनी शुरू कर दी है। वहीं, ठाकुरगंज पुलिस ने सीएए व एनआरसी के विरोध में प्रदर्शन में फरार मो. साहिल उर्फ मो. सादिक खान को गिरफ्तार किया है।