राजस्थान : भीषण सड़क दुर्घटना में 11 लोगों की मौत, नवविवाहित जोड़ा भी शामिल

राजस्थान के जोधपुर जिले के बालोतरा-फलौदी हाइवे पर एक भीषण सड़क दुर्घटना हुई, जिसमें 11 लोगों की मौत हो गयी। वहीं तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गये हैं। घायलों को तुरंत अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती करवाया गया है। बेहद मर्माहत कर देने वाली यह घटना ट्रक और जीप की सीधी टक्कर से हुई। एक्सीडेंट इतनी भयावह थी कि जीप के तो परखच्चे उड़ गये।

मृतकों में नव विवाहित जोड़ा भी शामिल

घटना की जानकारी मिलते ही शेरगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और क्रेन की सहायता से दोनों वाहनों में फंसे मृतकों और घायलों को बाहर निकाला।
बताया जा रहा है कि मृतकों में चार पुरुष छह महिलाएं और एक बच्चा शामिल है। वहीं तीन लोग गंभीर रुप से घायल है, जिन्हें स्थानीय अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। हादसे के शिकार हुए लोगों में एक नवविवाहित जोड़ा भी बताया जा रहा है।