सुनामी के बाद दूसरी बार महातूफान का सामना करेगा भारत,11 लाख लोगों को निकालने की तैयारी शुरू, सेनाएं अलर्ट

चक्रवाती तूफान मंगलवार शाम तक एक अत्यंत गंभीर चक्रवाती तूफान में तब्दील हो जाएगा। भारतीय मौसम विभाग ने इस बात की जानकारी दी है। बताया गया है कि चक्रवात के चलते ओडिशा के तटीय इलाकों में तेज हवाएं चलने के साथ ही भारी बारिश हो सकती है। वहीं, ओडिशा सरकार ने तटीय इलाकों से 11 लाख लोगों को निकालने की तैयारी शुरू कर दी है। करीब 195 किमी. प्रति घंटे की रफ्तार से अम्फान तूफान 20 मई की शाम को पश्चिम बंगाल के तट पर पहुंचेगा।

ओडिशा के पारादीप से 520 किमी दूर है तूफान

ओडिशा में चक्रवाती तूफान अम्फान को देखते हुए तटीय इलाके जगतसिंहपुर के निवासियों को कल रात आश्रय स्थलों पर भेज दिया गया। अम्फान से होने वाली तेज बारिश और हवाओं के मद्देनजर सरकार ने यह कदम उठाया है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने जानकारी दी है कि पश्चिम-मध्य और पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी से सटा चक्रवाती तूफान अम्फान पिछले छह घंटे से 14 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से  उत्तर-उत्तर-पूर्व की ओर बढ़ रहा है। आईएमडी ने बताया कि तूफान आज सुबह 5.30 बजे से बंगाल की खाड़ी के पश्चिम-मध्य पर केंद्रित है, जो ओडिशा के पारादीप से 520 किमी दूर है।

आज दोपहर या शाम तक टकरा सकता है तूफान

चक्रवाती तूफान अम्फान ने सोमवार को बेहद विकराल रूप ले लिया था। वहीं, भारतीय मौसम विभाग ने मंगलवार को जानकारी दी कि अम्फान चक्रवात के बहुत हद तक उत्तर-उत्तरपूर्व की तरफ मुड़कर उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी ओर जाने की संभावना है। इसके पश्चिम बंगाल-बांग्लादेश तट के बीच दिगी और हतिया द्वीपों, जो सुंदरबन के करीब हैं, के पास से आज दोपहर/शाम तक गुजरने की संभावना है। यहां पहुंचने तक यह चक्रवाती तूफान अत्यंत गंभीर चक्रवाती तूफान में तब्दील हो जाएगा।