यूपी : कानपुर के बाल संरक्षण गृह में कोरोना कहर, 57 लड़कियां संक्रमित, 7 गर्भवती भी

उत्तर प्रदेश के कानुपर के एक सरकारी बाल संरक्षण गृह मेंं कोरोना ने कहर बरपाया है। यहां रहने वाली 57 लड़कियां कोरोना से संक्रमित हो गयी हैं।
वहीं जांच के दौरान लड़कियां गर्भवती भी पायी गयी हैं। इनमें से एक में एचआईवी की पुष्टि हुई है। साथ हीं संरक्षण गृह का एक कर्मचारी भी कोरोना संक्रमित पाया गया है।

कानपुर डीएम ने दी जानकारी

कानपुर के ज़िलाधिकारी डॉक्टर ब्रह्मदेवराम तिवारी ने बताया, “इस संरक्षण गृह में कुल 57 बालिकाएँ कोविड पॉज़िटिव पाई गई हैं. सात बालिकाएं गर्भवती पाई गईं जिनमें पांच कोरोना संक्रमित भी हैं जबकि दो में कोरोना संक्रमण नहीं है. जो पांच लड़कियां कोविड पॉज़िटिव हैं वो आगरा, एटा, कन्नौज, फ़िरोज़ाबाद और कानपुर नगर की बाल कल्याण समिति के संदर्भ से यहां आई थीं. सभी लड़कियां यहां आने से पहले ही गर्भवती थीं और इसकी पूरी जानकारी प्रशासन के पास मौजूद है।“

बुख़ार आने पर कराया गया भर्ती

बाल संरक्षण गृह में पिछले हफ़्ते बुखार आने पर एक लड़की को कानपुर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जांच में वो कोरोना पॉज़िटिव निकली तो अन्य लड़कियों के भी नमूने लिए गए। हालांकि ज़्यादातर में बीमारी के लक्षण नहीं हैं लेकिन जिनकी रिपोर्ट अब पॉज़िटिव आई है उन्हें आइसोलेशन सेंटर भेज दिया गया है।

यहां आने से पहले हीं गर्भवती थी लड़कियां

देर शाम कानपुर मंडल के आयुक्त डॉक्टर सुधीर बोबड़े और कानपुर नगर के ज़िलाधिकारी डॉक्टर ब्रह्मदेवराम तिवारी ने इस मामले में यह स्पष्टीकरण दिया कि लड़कियां यहां आने के पहले से ही गर्भवती थीं।