सुशांत सिंह राजपूत मामले में परिवार के वकील का बड़ा खुलासा, परिवार पर दबाव डाल रही मुंबई पुलिस

फिल्म अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत को करीब डेढ़ महीना बीत चुका है लेकिन इसके बाद भी मुंबई पुलिस के हाथ खाली हैं। सुशांत के पिता केके सिंह ने रिया चक्रवर्ती और उनके परिवार के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई है। जिसमें कई खुलासे किए गए हैं, इसके बाद अब सुशांत के परिवार के वकील विकास सिंह ने मुंबई पुलिस पर भी कई गंभीर आरोप लगाए हैं।

रिया के खिलाफ कोई एक्शन क्यों नहीं लिया गया

सुशांत सिंह राजपूत परिवार के वकील विकास सिंह ने मुंबई पुलिस को सवालों के घेरे में ला दिया है। विकास का कहना है कि रविवार (26 जुलाई) को एफआईआर होने के बाद भी अभी तक रिया के खिलाफ कोई एक्शन क्यों नहीं लिया गया है। इसके साथ ही विकास ने कहा कि मुंबई पुलिस इस केस में बहुत धीरे जांच कर रही है और साथ ही साथ उसकी जांच का एंगल भी केस के मुताबिक ठीक नहीं है।

परिवार पर बडे फिल्म निर्माताओं का नाम लेने के लिए दबाव

विकास सिंह ने कहा है कि मुंबई पुलिस सुशांत सिंह राजपूत के परिवार पर दबाव बना रही है और मुंबई के प्रोडक्शन हाउसेस के नाम लेने को कह रही है। इसके साथ ही मुंबई पुलिस सुशांत के परिवार पर बडे फिल्म निर्माताओं का नाम लेने के लिए दबाव बनाती रही है। जबकि आरोपी रिया चक्रवर्ती और उनका परिवार अभी भी पुलिस की पहुंच से दूर हैं।

विकास ने कहा कि हमें लगा था कि FIR होते ही तुरंत रिया चक्रवर्ती की गिरफ़्तारी होगी पर ऐसा नहीं हुआ। हालांकि हमें अब भी उम्मीद है कि मुंबई पुलिस जल्द ही गिरफ्तारी करेगी। इस पूरे मामले में विनय तिवारी (एसपी सिटी, पटना) ने बताया है कि बिहार पुलिस की टीम भी मुंबई पहुंच गई है और जांच कर रही है। वहीं मुंबई पुलिस की मदद करने के सवाल पर विनय तिवारी ने कहा कि इसकी एक प्रक्रिया होती है और उसके मुताबिक ही काम हो रहा है।