कांग्रेस के तेजतर्रार प्रवक्ता राजीव त्यागी का दिल का दौरा पड़ने से निधन

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और प्रवक्ता राजीव त्यागी का दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया है। जानकारी के अनुसार वह गाजियाबाद के यशोदा अस्पताल में भर्ती थे। उनकी तबीयत अचानक खराब हो गई थी, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। त्यागी कांग्रेस के तेजतर्रार प्रवक्ताओं में से एक थे। भाजपा नेता संबित पात्रा समेत कई नेताओं ने उनके निधन पर शोक जताया है.

जानकारी के अनुसार त्यागी की आज अचानक तबीयत बिगड़ी और वह बेहोश हो गए। बेहोशी की हालत में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। त्यागी ने आज शाम पांच बजे एक समाचार चैनल पर बहस भी की थी। उन्होंने खुद ट्विटर पर इसकी जानकारी दी थी।

कांग्रेस ने अपने आधिकारिक ट्वविटर हैंडल पर राजीव त्यागी के निधन पर शोक जताया है. कांग्रेस ने लिखा है कि राजीव त्यागी के अचानक निधन से हम सभी बेहद दुखी हैं, वे एक पक्के कांग्रेसी और सच्चे देशभक्त थे, इस दुख की घड़ी में हमारी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं परिवार के साथ है.

भारतीय जनता पार्टी के प्रवक्ता संबित पात्रा ने त्यागी के निधन पर शोक जताया। उन्होंने ट्विटर पर लिखा, ‘विश्वास नहीं हो रहा है कि कांग्रेस के प्रवक्ता मेरे मित्र राजीव त्यागी हमारे साथ नहीं हैं। जीवन बहुत अनिश्चित है… अभी भी शब्द नहीं मिल रहे हैं।’

;