सुशांत मामले में ‘सुप्रीम’ फैसले पर भाजपा ने किससे मांगा इस्तीफा? पढ़िए बौखलाए संजय राउज ने क्या दी प्रतिक्रिया

फिल्म अभिनेता सुशांत सिंह मौत मामले में सुप्रीम कोर्ट से सीबीआई को हरी झंडी मिल गयी है। इतना ही नहीं सुप्रीम कोर्ट ने बिहार में दर्ज की गई एफआईआर को सही ठहराया गया है। साथ ही यह पूरा मामला अब सीबीआई को सौंप दिया गया है। सुशांत मौत मामले की जांच अब सीबीआई करेगी। फैसला आने के बाद महाराष्ट्र में सियासी बयानबाजी भी तेज हो गई है।

मुंबई पुलिस कमिश्नर दें इस्तीफा-भाजपा

सुप्रीम कोर्ट के मुंबई पुलिस पर उठाए गए सवाल पर भाजपा नेता किरीट सोमैया ने महाराष्ट्र के गृह मंत्री अनिल देशमुख और मुंबई पुलिस कमिश्नर परमबीर सिंह का इस्तीफा मांगा है। किरीट सोमैया ने कहा कि ’इस मामले में मुंबई पुलिस द्वारा की गई गड़बड़ी को लेकर गृह मंत्री और मुंबई पुलिस कमिश्नर को तुरंत इस्तीफा देना चाहिए। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद सुशांत के परिवार को न्याय मिलेगा।’

’सत्य और न्याय की जीत हमेशा होती है‘

वहीं, शिव सेना नेता संजय राउत ने कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि “इस्तीफे की बात निकली तो दिल्ली तक जाएगी।“ राउत ने कहा कि ’सत्य और न्याय की जीत हमेशा होती है। महाराष्ट्र में कानून का राज चलता है।’ राउत ने मुंबई पुलिस पर जांच को लेकर सवाल उठाने के सवाल पर कहा कि “मुंबई पुलिस मामले की सही जांच कर रही थी। कानून के ऊपर कोई नहीं है। जो आरोप लग रहे हैं वो सही नहीं हैं।“

यही नहीं संजय राउत ने अपनी सरकार का बचाव करते हुए कहा कि कानूनी कार्रवाई के बारे सरकार में जो कानून के जानकार हैं सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर बात कर सकते हैं, मेरे लिए इस पर बात करना सही नहीं है।