LIVE संसद का मानसून सत्र शुरू, पहले दिन उप सभापति पद का चुनाव, PM मोदी बोले-गहरी चर्चा से देश को फायदा होता है

कोविड संकट के बीच 17वीं लोकसभा का चौथा सत्र शुरू हो गया है। सुबह 9 बजे लोकसभा की कार्यवाही शुरू हुई। सदन ने पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी को श्रद्धांजलि दी। इसके बाद कार्यवाही एक घंटे के लिए स्थगित कर दी। उधर, राज्यसभा में कामकाज दोपहर तीन बजे शुरू होगा। पहले दिन राज्यसभा में उपसभापति पद का चुनाव होगा।

जब तक कोरोना की दवाई नहीं, तब तक कोई ढ़िलाई नहीं

इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि जब तक कोरोना की दवाई नहीं बन जाती, तब तक कोई ढिलाई न बरतें। हमारे सैनिक सीमा पर मुस्तैद हैं। संसद से एक भाव, एक सुर से ये आवाज उठनी चाहिए कि देश और पूरा सदन उनके साथ है।

उन्होंने कहा, ’मुश्किल दौर में संसद का सत्र शुरू हो रहा है। एक तरफ कोरोना है और दूसरी तरफ कर्तव्य। सांसदों ने कर्तव्य का पथ चुना है। मैं उन्हें धन्यवाद और बधाई देता हूं। इस सत्र में कई महत्वपूर्ण फैसले होंगे। कई विषयों पर चर्चा होगी। सभी का अनुभव है कि सदन में जितनी गहरी चर्चा होती है। उससे देश को, संसद को फायदा होता है। हम सब इस परंपरा को आगे बढ़ाएंगे।’

सीमा पर तैनात जवानों का पीएम ने किया जिक्र

मोदी ने कहा कि आज जब हमारी सेना के वीर जवान सीमा पर डटे हुए हैं। हिम्मत के साथ, जज्बे के साथ, बुलंद हौसलों के साथ, दुर्गम पहाड़ियों में डटे हुए हैं। कुछ समय के बाद बर्फबारी भी शुरू होगी। ऐसे वक्त में संसद से एक भाव, एक सुर से ये आवाज आनी चाहिए कि देश और पूरा सदन उनके साथ खड़ा है। कोरोना के दौर में जब तक दवाई नहीं, तब तक कोई ढिलाई नहीं होनी चाहिए। हम चाहते हैं कि दुनिया के किसी कोने में वैक्सीन बने और हम सभी को मिले।

पल-पल के अपडेट्स जानिए…

  • लोकसभा की कार्यवाही सुबह 9 बजे शुरू हुई। पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी को श्रद्धांजलि दी गई। इसके बाद लोकसभा की कार्यवाही एक घंटे के लिए स्थगित कर दी गई।
  • डीएमके और सीपीआई (एम) ने नीट एग्जाम की वजह से 12 छात्रों की आत्महत्या के मामले में लोकसभा में स्थगन प्रस्ताव दिया।
    कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने लोकसभा में चीन सीमा विवाद पर स्थगन प्रस्ताव का नोटिस दिया।
  • सीपीएम दिल्ली दंगों के मामले में पार्टी के नेता सीताराम येचुरी का नाम आने को मुद्दा बना रही है। सीपीएम सांसद एएम आरिफ ने लोकसभा में स्थगन प्रस्ताव का नोटिस दिया है।
  • पहली बार एक सदन की बैठक में दोनों सदनों के चैम्बर और गैलरी का इस्तेमाल किया गया। यानी लोकसभा की कार्यवाही आज सुबह शुरू हुई तब कुछ सदस्य लोकसभा में तो कुछ राज्यसभा में बैठे।
  • सत्र के पहले दिन राज्यसभा में उपसभापति पद के लिए चुनाव होगा। विपक्ष की ओर से राजद नेता मनोज झा और एनडीए से जदयू नेता हरिवंश के बीच कांटे की टक्कर है।

इस बार के मानसून सत्र की खास बातें

  1. इस बार सत्र के दौरान 1. दिन लगातार कार्यवाही चलेगी। कोई छुट्टी नहीं होगी। शनिवार और रविवार को भी काम होगा। आमतौर पर दोनों सदनों में एक साथ काम होता है, लेकिन इस बार दो शिफ्ट में होगा।
  2. लोकसभा आज सुबह 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक चलेगी। राज्यसभा की कार्यवाही दोपहर 3 बजे से शाम 7 बजे चलेगी। इसके बाद 15 सितंबर से एक अक्टूबर तक लोकसभा दोपहर 3 बजे से शाम 7 बजे तक चलेगी। वहीं, राज्यसभा सुबह 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक चलेगी।
  3. मानसून सत्र में 47 विधेयक पेश किए जाएंगे। इनमें 11 विधेयक ऐसे होंगे जो अध्यादेश की जगह लेंगे।