बिहार में खराब प्रदर्शन पर कांग्रेस में अंतर्कलह, कपिल सिब्बल बोले- कांग्रेस ने शायद हर हार को मान लिया नियति, तो शिवानंद बोले-प्रचार के दौरान पिकनिक मना रहे थे राहुल

बिहार चुनाव में कांग्रेस के खराब प्रदर्शन पर अभी भी घमासान मचा हुआ है. राजद और भाकपा माले ने पहले ही महागठबंधन के हार के लिए कांग्रेस को जिम्मेवार बताया था. इसके बाद पार्टी के ही वरिष्ठ नेता तारिक अनवर ने भी पार्टी को कटघरे में खड़ा किया था और कहा था कि कांग्रेस के खराब प्रदर्शन के कारण महागठबंधन सरकार बनाने से दूर रह गया. वहीं पार्टी के वरिष्ठ नेता कपिल सिब्बल ने टॉप लीडरशिप यानी सोनिया और राहुल गांधी पर निशाना साधा है। सिब्बल ने कहा कि पार्टी ने शायद हर चुनाव में हार को ही नियति मान लिया है।

देश की जनता कांग्रेस को प्रभावी विकल्प नहीं मान रही

उन्होंने कहा, “बिहार के चुनावों और दूसरे राज्यों के उप-चुनावों में कांग्रेस की परफॉर्मेंस पर अब तक टॉप लीडरशिप की राय तक सामने नहीं आई है। शायद उन्हें सब ठीक लग रहा है और इसे सामान्य घटना माना जा रहा है। सिब्बल का कहना है कि बिहार और उप-चुनावों के नतीजों से ऐसा लग रहा है कि देश की जनता कांग्रेस को प्रभावी विकल्प नहीं मान रही है। गुजरात उपचुनाव में हमें एक सीट नहीं मिली। लोकसभा चुनाव में भी यही हाल रहा था। उत्तर प्रदेश के उपचुनाव में कुछ सीटों पर कांग्रेस प्रत्याशियों को 2% से भी कम वोट मिले। गुजरात में हमारे 3 कैंडिडेट्स की जमानत जब्त हो गई। सिब्बल ने कहा कि पार्टी ने 6 सालों में आत्ममंथन नहीं किया तो अब इसकी उम्मीद कैसे कर सकते हैं?

शिवानंद तिवारी ने राहुल पर साधा निशाना

राजद नेता शिवानंद तिवारी ने कहा कि राहुल गांधी केवल 3 दिन के लिए बिहार में आए। प्रियंका गांधी तो आई ही नहीं। जिन लोगों को बिहार से सरोकार नहीं था, वो लोग यहां आए। यह सही नहीं है। वो बोले कि जब चुनाव पूरे जोर-शोर से चल रहा था, तब राहुल गांधी शिमला में प्रियंका के घर पिकनिक मना रहे थे।