CM नीतीश कुमार ने राजगीर में नये रोपवे, घोड़ा कटोरा एवं वेणु वन का किया निरीक्षण, सीएम ने नए रोपवे को जल्द पूरा करने का दिया निर्देश

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज राजगीर भ्रमण के दौरान नये रोपवे के निर्माण कार्य का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने केबिन, रैम्प एवं यात्रियों के पहुंचने के रास्ते की भी जानकारी ली। नये रोपवे के बारे में जानकारी दी गई कि इसका एक्सीलेरेशन और डिएक्सीलेरेशन अपने आप में यूनिक है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को रैम्प/रास्ते के बगल में मजबूत रेलिंग देने के निर्देश दिये, ताकि यात्री सुरक्षित आ जा सकें। नये रोपवे के निर्माण कार्य को जल्द से जल्द पूरा करने का मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया। उन्होंने पुराने रोपवे का भी निरीक्षण किया और उसके बेहतर रख-रखाव को लेकर अधिकारियों को कई सुझाव दिये।

 पर्यटकों के साथ-साथ स्थानीय लोगों को भी होगी सुविधा

मुख्यमंत्री ने कहा कि राजगीर का नया रोपवे 25 अक्टूबर 2019 तक ही बन कर तैयार हो जाना था लेकिन कुछ मोडिफिकेशन कार्य के साथ-साथ कोरोना के चलते भी इसमें देरी हुई। इसे हर हाल में फरवरी से पहले तैयार कर लेना है। इसके निर्माण से पर्यटकों के साथ-साथ स्थानीय लोगों को भी काफी सुविधा होगी।

घोड़ा कटोरा पार्क, घोड़ा कटोरा झील का भी निरीक्षण

इसके बाद मुख्यमंत्री ने घोड़ा कटोरा पार्क, घोड़ा कटोरा झील का भी निरीक्षण किया। उन्होंने वन विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि जंगल के कचरे अथवा अवशेष को नहीं जलायें बल्कि इसे एक जगह किसी गड्ढे में रख दें ताकि वो खाद के रूप में परिणत हो सके। अवशेष को जलाने से पर्यावरण को नुकसान होता है।

मुख्यमंत्री ने किया वेणु वन का भी निरीक्षण

इसके पश्चात मुख्यमंत्री ने वेणु वन का भी निरीक्षण किया। वेणु वन में चल रहे निर्माण कार्य का उन्होंने बारिकी से जायजा लिया और अधिकारियों को निर्माण कार्य एवं सौंदर्यीकरण से संबंधित आवश्यक निर्देश दिये। भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री ने वेणु वन के तालाब में मछली एवं बत्तख को दाना खिलाया। उन्होंने वेणु वन के विस्तारीकरण कार्य का भी विस्तृत जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि वेणु वन के विस्तारीकरण की योजना बनाई गई थी इसे जल्द से जल्द पूरा किया जा रहा है। वेणु वन का निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद यह काफी सुंदर लगेगा। इसका निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है और जल्द ही इसे पूरा किया जायेगा। हमने निरीक्षण के दौरान कई सुझाव भी दिये हैं। वेणु वन में निर्माण कार्य पूर्ण होने के पश्चात बड़ी संख्या में लोग आयेंगे। यहां बच्चों के साथ-साथ सभी लोगों की सुविधाओँ का ख्याल रखा गया है। यहां दूसरे देशों के भी धर्मावलंबी पूजा के लिए आते हैं। उनकी भी सहूलियत को ध्यान में रखते हुए नई डिजाइन के तहत तालाब के आसपास निर्माण कार्य कराये गये हैं। उन्होंने कहा कि यह एक एतिहासिक जगह है जहां 2600 वर्ष पूर्व भगवान बुद्ध आये थे। यहां वो जिस प्रकार भ्रमण करते थे उसको आधार बनाकर जितना संभव हो सका है उसका विस्तार किया गया है। वेणु वन में ऐसी व्यवस्था की जा रही है कि बड़ी संख्या में पर्यटक यहां आकर आनंद उठा सकेंगे। उन्होंने कहा कि जू सफारी का कार्य भी तेजी से चल रहा है और इसका निर्माण पूर्ण होने से पर्यटक इसका लाभ उठा सकेंगे।

भ्रमण के पश्चात मुख्यमंत्री राजकीय अतिथिशाला गये जहां सांसद कौशलेन्द्र कुमार, विधायक श्रवण कुमार, विधायक  कौशल किशोर, विधायक जितेन्द्र कुमार, विधायक कृष्णमुरारी शरण उर्फ प्रेम मुखिया सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण एवं गणमान्य व्यक्तियों ने उनका स्वागत किया।

भ्रमण के दौरान मुख्य सचिव दीपक कुमार, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव चंचल कुमार, कला संस्कृति एवं युवा विभाग के प्रधान सचिव मनु भाई परमार, मुख्यमंत्री के सचिव मनीष कुमार वर्मा, पटना रेंज के पुलिस महानिरीक्षक संजय सिंह, मुख्यमंत्री के विशेष कार्य पदाधिकारी गोपाल सिंह, नालंदा के जिलाधिकारी योगेन्द्र सिंह, नालंदा के पुलिस अधीक्षक निलेश कुमार सहित अन्य वरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।