अंकटाड ने “इन्वेस्ट इंडिया” को दिया संयुक्त राष्ट्र का निवेश संवर्धन पुरस्कार, पीएम मोदी ने दी शुभकामनाएं

व्यापार और विकास पर संयुक्त राष्ट्र सम्मेलन (अंकटाड) ने ‘इन्वेस्ट इंडिया’ को संयुक्त राष्ट्र निवेश संवर्धन पुरस्कार 2020 के लिए विजेता घोषित किया है। इन्वेस्ट इंडिया को पुरस्कार मिलने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुभकामनाएं दीं। मोदी ने ट्वीट किया कि यह पुरस्कार इस बात का सबूत है कि हमारी सरकार भारत को निवेश के लिए दुनिया का पसंदीदा स्थल बनाने और कारोबार करना अधिक सुगम (ईज ऑफ डूइंग बिजनेस) बनाने पर ध्यान केंद्रित कर रही है।

 अंकटाड के मुख्यालय जिनेवा में पुरस्कार समारोह

संयुक्त राष्ट्र निवेश संवर्धन पुरस्कार विश्व की निवेश संवर्धन एजेंसियों को उनकी उल्लेखनीय उपलब्धियों के लिए दिया जाता है। पुरस्कार समारोह सोमवार को अंकटाड के मुख्यालय जिनेवा में हुआ। यह अंकटाड के 180 राष्ट्रीय निवेश संवर्धन एजेंसियों के कामकाज और गतिविधियों के आकलन पर आधारित है।

इन्वेस्ट इंडिया में अपनाई गई अच्छी गतिविधियों रेखांकित

वहीं वाणिज्य मंत्रालय ने कहा कि, ‘अंकटाड, इन्वेस्ट इंडिया में अपनाई गई अच्छी गतिविधियों को रेखांकित करता है। इसमें व्यापार छूट मंच, विशेष निवेश मंच, वेबिनार (इंटरनेट पर आयोजित कार्यक्रम) श्रृंखला, सोशल मीडिया पर संबंधित गतिविधियों और कोविड-19 से निपटने के उपाय पर जोर शामिल हैं।’