BIG BREAKING: गाजियाबाद में बारिश बनी आफत, श्मशान घाट में छत गिरने से 10 लोगों की मौत, कई के दबे होने की आशंका

बड़ी खबर आ रही है उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से, जहां मुरादनगर के श्मशान घाट परिसर में गैलरी की छत गिर गई। हादसे में 10 लोगों की मौत हो गई है। कई लोग अभी भी दबे हुए हैं, जबकि कई लोगों को मलबे से निकालकर अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है।

सीओ सदर ने 10 लोगों की मौत की पुष्टि की

बताया जा रहा है कि गाजियाबाद के मुरादनगर स्थित श्मशान घाट में पिलरों पर लिंटर पड़ा था। बारिश में लिंटर अचानक गिर गया। जिसके नीचे करीब 40 लोग दब गए। सीओ सदर महिपाल सिंह ने 10 लोगों की मौत की पुष्टि की है। हादसे का शिकार सभी लोग अंतिम संस्कार करने के लिए आए थे।

अब तक 15 लोगों को अस्पताल में भर्ती किया गया

श्मशान घाट में परिसर की छत गिरने से दबे लोगों को निकालने के लिए राज्य आपदा मोचन बलवीर दल मुरादाबाद की टीम सूचना मिलते ही रवाना हो गई। उप निरीक्षक आशुतोष पांडे इस टीम की अगुवाई कर रहे हैं। टीम में 20 लोग शामिल हैं। पुलिस प्रशासन ने बचाव अभियान शुरु कर दिया है और बारिश के कारण बचाव अभियान में दिक्कत आ रही है। अब तक 15 लोगों को मलबे से निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया जा चुका है।