किसानों का ट्रेन रोको अभियान, हरियाणा, पंजाब समेत कई राज्यों में ट्रेनों की आवाजाही पर ज्यादा असर, पटना में भी पप्पू यादव ने कार्यकर्ताओं के साथ सचिवालय हॉल्ट पर रोकी ट्रेन

देश में कृषि कानूनों के खिलाफ किसान आंदोलन का आज 85वां दिन है। किसान आज देशभर में रेल रोको अभियान चला रहे हैं। यह शाम 4 बजे तक चलेगा। इस प्रदर्शन का हरियाणा-पंजाब में अधिक असर देखने को मिल रही है। वहीं गाजियाबाद में भी प्रदर्शनकारी ट्रैक पर बैठ हैं। जिससे कई स्टेशनों पर ट्रेन रुकी हुई है।

किसी को परेशान करना किसानों का मकसद नहीं

किसानों का कहना है कि वे शांतिपूर्ण प्रदर्शन करना चाहते हैं। साथ ही जनता तक अपनी बात भी पहुंचाना चाहते हैं। किसी को परेशान करना उनका मकसद नहीं है। इसलिए ट्रेन में सफर कर रहे बच्चों के लिए दूध-पानी के इंतजाम किए गए हैं।

सचिवालय हॉल्ट पर जाप ने रेल रोकी

वहीं किसानों के समर्थन में जन अधिकार पार्टी (जाप) के कार्यकर्ताओं ने पटना के सचिवालय हॉल्ट पर रेल चक्का जाम कर दिया। जाप प्रमुख पप्पू यादव के साथ सैकड़ों कार्यकर्ता सचिवालय स्टेशन पर पहुंचे और रेल को रोका. जाप कार्यकर्ता ट्रेन का पहिया रोकने के लिए बैनर, झंडे के साथ ट्रेन की पटरी पर लेट गए। पुलिस के जवान सभी को हटाने में लगे रहे। जरा-सी चूक होती तो सचिवालय हॉल्ट पर बड़ा हादसा हो सकता था।

मोदी सरकार से हर तबका के लोग परेशान

पप्पू यादव ने कहा कि मोदी सरकार से हर तबका के लोग परेशान हैं. पिछले कई महीनों से किसान धरने प्रदर्शन कर रहे हैं लेकिन सरकार किसानों की बात सुनने को तैयार नहीं है। पेट्रोल महंगा कर दिया, गैस महंगा कर दिया। केंद्र सरकार हर तरफ से जनता को मार रही है। इसलिए इसके विरोध में आज रेल चक्का जाम किया गया है।