बिहार के कई जिलों में शीत दिवस जैसे हालात…. पटना में 5 डिग्री पारा लुढ़का, कनकनी बढ़ी….. 

 हवा की दिशा में बदलाव और पछुआ की तीव्र गति ने बुधवार को पटना समेत राज्य भर में कंपकपी बढ़ा दी है।

बर्फीली पछुआ से कई जिलों में दिन और रात के तापमान में भारी कमी आई है। दिन में देर तक धूप नहीं निकलने से उत्तर बिहार के कई जिलों में शीतलहर जैसे हालात रहे।

गुरुवार को मौसम की स्थिति के आधार पर चार-पांच जिलों में शीत दिवस की घोषणा के आसार हैं। जिन जिलों में भारी ठंड की स्थिति रही उनमें पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, पश्चिमी चंपारण, दरभंगा और मुजफ्फरपुर शामिल हैं। पटना में भी लोगों ने दिनभर कनकनी महसूस की। यहां के न्यूनतम तापमान में 3.6 और अधिकतम में पांच डिग्री की कमी आई। अधिकतम तापमान 18 व न्यूनतम 10.2 डिग्री दर्ज हुआ। दोपहर 12 बजे धूप के दर्शन हुए लेकिन हर दिन की तरह गर्मी नहीं थी। हालांकि, शाम चार बजे के बाद ठंड और बढ़ गई। सुबह में दृश्यता बेहतर रहने से विमान समय से आये। इधर, प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान गया में 5.7 डिग्री रहा।

ठंड में वृद्धि के आसार

न्यूनतम तापमान में आंशिक गिरावट गुरुवार को भी होगी और राज्य के कई जिलों में शीत दिवस जैसे हालात बनेंगे। बाकी जगहों पर कमोबेश बुधवार जैसी स्थिति रह सकती है।

यहां पारा 10 डिग्री से नीचे

बुधवार को गया, औरंगाबाद, रोहतास, पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, बेगूसराय, बांका, सबौर, खगड़िया, सहरसा, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री के नीचे दर्ज किया गया।