शराब घोटाले मामले में संजय सिंह की गिरफ्तारी पर AAP का प्रदर्शन, बैरिकेड पर चढ़े कार्यकर्ता, सिसोदिया की जमानत पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई जारी

दिल्ली शराब घोटाले में आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह की गिरफ्तारी के बाद राजधानी का सियासी पारा गरम है। आज संजय सिंह को कोर्ट में पेश किया जाएगा। संजय सिंह की गिरफ्तारी के विरोध में आम आदमी पार्टी का दिल्ली स्थित दफ्तर पर प्रदर्शन जारी है। दिल्ली के अलावा, मुंबई, चंडीगढ़ और पुणे में भी आप कार्यकर्ता प्रदर्शन कर रहे हैं।

आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता बैरिकेड पर चढ़कर पार जाने का प्रयास कर रहे हैं। दिल्ली पुलिस उन्हें रोकने में जुटी है। आप कार्यकर्ता भाजपा दफ्तर की ओर बढ़ने का प्रयास कर रहे हैं। कार्यकर्ता लगातार पीएम मोदी के खिलाफ नारेबाजी कर रहे हैं। इसके साथ ही सांसद संजय सिंह और दिल्ली सीएम अरविंद केजरीवाल जिंदाबाद के नारे लगा रहे हैं।

आम आदमी पार्टी को भी आरोपी बनाया जा सकता है

दिल्ली शराब घोटाले में आम आदमी पार्टी को भी आरोपी बनाया जा सकता है। ED के सूत्रों के मुताबिक, जांच एजेंसी इसके लिए कानूनी सलाह ले रही है। सुप्रीम कोर्ट ने एक दिन पहले ED से पूछा था कि अगर PMLA के तहत शराब नीति से एक राजनीति पार्टी को फायदा पहुंचा, तो फिर वह पार्टी इस केस में शामिल क्यों नहीं है?

मनीष सिसोदिया की जमानत याचिका पर सुनवाई

कोर्ट ने दिल्ली के पूर्व डिप्टी CM मनीष सिसोदिया की जमानत याचिका पर सुनवाई करते हुए जांच एजेंसी से पूछा था- शराब नीति से सीधे राजनीतिक पार्टी को फायदा हुआ, तो वह मामले में आरोपी या पक्षकार क्यों नहीं है? कोर्ट के रुख के बाद जांच एजेंसी अब कानूनी सलाह ले रही है।

इधर, मनीष सिसोदिया की जमानत याचिका पर कोर्ट ने बुधवार को कोई फैसला नहीं लिया। इस पर आज एक बार फिर से सुनवाई चल रही है। सिसोदिया की जमानत पर उनके वकील अभिषेक मनु सिंघवी अपना पक्ष रख रहे हैं।