नए साल पर जू…पार्क…म्यूजियम में खास तैयारी, साल के पहले दिन महावीर मंदिर में सुबह 5:15 बजे से ही एंट्री, ZOO में 8 अलग से कांउंटर

आज साल 2024 का पहला दिन है। जश्न मनाने के लिए लोग पटना जू, पार्क, म्यूजियम, साइंस सेंटर पहुंच रहे हैं। नए साल का स्वागत हर कोई भगवान का आशीर्वाद लेकर करना चाहता है। 2024 के स्वागत को लेकर पटना के मंदिरों में भी खास तैयारियां की गई है। नए साल के पहले दिन सोमवार सुबह 5:15 बजे से भक्तों को महावीर मंदिर में एंट्री दी जा रही है। सुबह 5 बजे सबसे पहले महावीर मंदिर में जागरण आरती की गई। जिसके बाद हनुमान जी के दो विग्रहों और राम दरबार वाले मुख्य गर्भगृह का पट सभी भक्तों के लिए खुल गया। नए साल के आगमन पर कारीगरों 20 हजार किलो नैवेद्यम तैयार किया है। दस काउंटरों पर नैवेद्यम मिलेगा। महिला और पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग पंक्तियां होंगी।

काली मंदिर में विशेष सजावट

बांस घाट स्थित सिद्धेश्वरी काली मंदिर में विशेष सजावट की गई है। कोलकाता के फूलों से मंदिर की सजावट की गई है। मंदिर के गेट को बैलून से सजाया गया है। शाम में भव्य भंडारा का आयोजन किया गया है। भंडारे में खीर, सब्जी, पूरी, हलवा, आदि चीजें रहेंगी। माता के दर्शन के लिए सुबह 5 बजे से ही पट खुल गए हैं, जो की रात 10 बजे तक दर्शन के लिए खुले रहेंगे।

पटना जू में सुबह से ही लोगों की भीड़

नए साल पर पटना जू में लोगों की काफी भीड़ देखी जा रही है…जू में प्रति व्यस्क 100 रुपए और शिशु के लिए 50 रुपए शुल्क लगेगा। भीड़ को देखते हुए 8 अतिरिक्त काउंटर खोले गए हैं, जिसमें से 6 एक्स्ट्रा काउंटर गेट 1 और 2 काउंटर गेट नंबर 2 पर होंगे। पटना जू सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक खुले रहेंगे। जू में प्लास्टिक बोतल ले जाने की मनाही है। पॉलिथीन, थर्मोकोल, चिप्स-कुरकुरे के पैकेट ले जाने पर भी प्रतिबंध है।

वहीं ईको पार्क में वयस्क के लिए 50 रुपए और बच्चों के लिए 25 रुपए निर्धारित किए गए हैं। यदि कोई कैमरा लेकर आ रहा है तो उसके लिए टिकट भी लेना जरूरी है। राजधानी वाटिका में भी सुरक्षा के मद्देनजर नाव परिचालन पर रोक रहेगा। शिशु उद्यान में निःशुल्क प्रवेश है। एडवेंचर पार्क में शुल्क लगता है।

बिहार म्यूजियम में प्रवेश शुल्क में वृद्धि नहीं

बिहार म्यूजियम में प्रवेश शुल्क में कोई वृद्धि नहीं की गई है। प्रति व्यस्क 100 रुपए, प्रति शिशु 50 रुपए और ग्रुप में स्कूली बच्चों का प्रवेश शुल्क 25 रुपए रहेगा। लोग सुबह 10 से शाम 5 बजे तक आकर भ्रमण कर सकते हैं।

पटना के साइंस सेंटर में बच्चों और वयस्कों के लिए विज्ञान से जुड़े विभिन्न उपकरण एक्जीबिट हैं जिनके माध्यम से विज्ञान को सरल तरीके से समझा जा सकता है। साइंस सेंटर में नए साल पर दो काउंटर होंगे, जिससे लोग सरल तरीके से टिकट खरीद सकते हैं। विज्ञान केंद्र में बच्चों के लिए 4 शो का आयोजन होगा, जिसमें 3D शो, तारामंडल, साइंस ऑन स्फीयर और साइंस शो सहित अन्य शो चलाए जाएंगे।