बिहार समेत पूरे उत्तर भारत में कोल्ड-डे का अलर्ट, कोहरे ने लगाई रफ्तार पर ब्रेक, 9 फ्लाइट्स कैंसिल, 12 लेट, कई ट्रेनें भी लेट

बिहार में सर्दी का सितन जारी है… पिछले तीन दिनों से कई जिलों में कोल्ड डे जैसी स्थिति बनी हुई है। आज भी 25 जिलों में कोल्ड-डे का ऑरेंज और 13 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है।  24 घंटे में प्रदेश के सबसे ठंडे शहर 6 डिग्री सेल्सियस के साथ सबौर, बांका और मोतिहारी रहे।

वहीं मौसम विभाग के अनुसार एक चक्रवातीय परिसंचरण दक्षिणी बांग्लादेश एवं आसपास के क्षेत्र में समुद्र तल से 1.5 किमी ऊपर मौजूद है। इसके प्रभाव से अगले 24 घंटे के दौरान राज्य का मौसम शुष्क बना रहेगा।

सबसे ठंडा शहर सबौर बांका और मोतिहारी रहा

मौसम विभाग के जारी आंकड़ों के अनुसार सोमवार को पटना सहित 19 शहरों के न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। वहीं 12 शहरों का न्यूनतम तापमान बढ़ा है। पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश का 6 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे ठंडा शहर सबौर बांका और मोतिहारी रहा है। राज्य का औसत न्यूनतम तापमान सोमवार को 8.3 और औसत अधिकतम तापमान 17.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

घने कोहरे ने रफ्तार पर लगाई ब्रेक

बिहार में घने कोहरे ने रफ्तार पर ब्रेक लगा दी है। घने कोहरे की वजह से सोमवार को भी इंडिगो की 8 जोड़ी और स्पाइसजेट की एक जोड़ी फ्लाइट रद्द रही। साथ ही 12 जोड़ी विमान लेट रहे। चालू सीजन में विमान रद्द होने की यह सबसे बड़ी संख्या है। रविवार को 8 जोड़ी विमान रद हुए थे।

कोहरे के चलते लगातार ट्रेनें लेट चल रही हैं। आज भी जम्मू तवी हिमगिरि एक्सप्रेस, अनन्या एक्सप्रेस, सम्पूर्ण क्रांति एक्सप्रेस, तेजस राजधानी एक्सप्रेस, भागलपुर गरीब रथ एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से घंटों देरी से चल रही है।सम्पूर्ण क्रांति एक्सप्रेस और तेजस राजधानी एक्सप्रेस की टाइमिंग में आज भी सुधार नहीं हुआ है। तेजस राजधानी 7 घंटे लेट, तो सम्पूर्ण क्रांति 5 घंटे से भी अधिक लेट है। ये दोनों गाडियां रोज डिले हो रही हैं।