5 फरवरी से 29 फरवरी तक चलेगा बिहार विधानमंडल का बजट सत्र…6 फरवरी को पेश होगा बजट… राज्यपाल ने जारी किया नोटिफिकेशन

बिहार विधानमंडल का बजट सत्र 5 फरवरी से 29 फरवरी तक चलेगा। इस सत्र में कुल 17 बैठक होंगी। सत्र के पहले दिन आर्थिक सर्वेक्षण रिपोर्ट पेश किया जाएगा। वहीं दूसरे दिन सदन में वित्तीय वर्ष 2024-25 का बजट पेश किया जाएगा। इस संबंध में राज्यपाल की ओर से गुरुवार को नोटिफिकेशन जारी कर दिया गया है ।

राज्यपाल के अभिभाषण के बाद बजट सत्र की होगी शुरुआत

बजट सत्र के पहले दिन राज्यपाल राजेंद्र अर्लेकर का विधानमंडल के सेंट्र्ल हॉल में अभिभाषण होगा। इसके बाद अध्यादेश की कॉपी विधानमंडल के दोनों सदनों के पटल पर रखा जाएगा। इसके बाद पहले दिन आर्थिक सर्वेक्षण पेश किया जाएगा और शोक संवेदना के बाद सदन की कार्यवाही स्थगित कर दिया जाएगा।

7 फरवरी को बजट पर चर्चा होगी

वहीं दूसरे दिन विधानमंडल में वित्तीय वर्ष 2024-25 का बजट पेश किया जाएगा। इसके बाद राज्यपाल के अभिभाषण के धन्यवाद प्रस्ताव पर वाद-विवाद और सरकार का उत्तर होगा। 7 फरवरी को बजट पर चर्चा होगी। 8-9 फरवरी को विभागीय बजट के अनुदान मांगों पर चर्चा होगी।

 12 और 13 फरवरी को 2024-25 के आय-व्यय के अनुदानों की मांग पर वाद-विवाद और मतदान होगा। 15 और 16 फरवरी को वित्तीय वर्ष 2024-25 के आय-व्यय के अनुदानों की मांग पर वाद-विवाद और मतदान होगा। 19, 20 और 21 फरवरी को वित्तीय वर्ष 2024-25 के आय-व्यय के अनुदानों की मांग पर वाद-विवाद और मतदान होगा। 22 फरवरी को आय-व्यय के अनुदानों की मांग पर वाद-विवाद, मतदान और तृतीय अनुपूरक व्यय विवरणी सदन के पटल पर रखा जाएगा। 23 फरवरी को तृतीय अनुपूरक व्यय विवरणी पर वाद विवाद और सरकार का उत्तर होगा। इसके बाद विनियोग विधेयक पेश किए जाएंगे।

28 फरवरी को पेश किए जाएंगे राजकीय विधेयक 

27 फरवरी को विनियोग विधेयक पर वाद विवाद और सरकार का उत्तर होगा। 28 फरवरी को राजकीय विधेयक पेश किए जाएंगे। साथ ही अन्य राजकीय कार्य किए जाएंगे। अंतिम दिन 29 फरवरी को गैर सरकारी सदस्यों के कार्य गैर सरकारी संकल्प लिए जाएंगे।