सीएम नीतीश ने निर्माणाधीन साइंस सिटी का किया निरीक्षण, अधिकारियों को दिया खास निर्देश

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज सुबह सुबह निर्माणाधीन डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम साइंस सिटी की निरीक्षण किया… इस दौरान मुख्यमंत्री ने साइंस सिटी परिसर में बन रहे भवन के विभिन्न भागों का निरीक्षण किया और एक-एक चीज के बारे में बारीकी से जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने भवन निर्माण विभाग के सचिव कुमार रवि को निर्माण कार्य तेजी से पूर्ण कराने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह जल्द-से-जल्द बनकर तैयार हो जाएगा तो मुझे काफी खुशी होगी।

साइंस सिटी विश्व के बेहतरीन केंद्रों में से एक होगा

निरीक्षण के दौरान सीएम नीतीश कुमार ने कहा कि डॉ० ए०पी० जे० अब्दुल कलाम साइंस सिटी विश्व के बेहतरीन केंद्रों में से एक होगा। भवन निर्माण विभाग के सचिव कुमार रवि ने डॉ० ए०पी० जे० अब्दुल कलाम साइंस सिटी के निर्माण कार्य की प्रगति के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बिल्डिंग निर्माण का कार्य अंतिम चरण में है और एक्जीबिशन का कार्य तेजी से किया जा रहा है। भवन निर्माण के सचिव ने मास्टर प्लान के माध्यम से पूरे साइंस सिटी परिसर के निर्माण कार्य एवं व्यवस्थाओं के संबंध में मुख्यमंत्री को बताया। उन्होंने बताया कि यहां छात्र-छात्राओं को गाइड के माध्यम से विज्ञान की मूल बातें बताई और दिखाई जाएंगी। यहां आनेवाले छात्र-छात्राओं के ठहरने की भी व्यवस्था होगी। मुख्यमंत्री के समक्ष डॉ० ए०पी० जे० अब्दुल कलाम साइंस सिटी के निर्माण कार्य और व्यवस्थाओं से संबंधित एक लघु फिल्म के माध्यम से प्रस्तुतीकरण दी गई।

छात्र-छात्राओं को दी जाएगी विज्ञान की जानकारी

इस दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि साइंस सिटी का निर्माण कार्य तेजी से पूर्ण करें। इस साइंस सिटी के निर्माण को लेकर कई विशेषज्ञों की राय ली गई। इस परिसर में तालाब का भी निर्माण कराया जा रहा है जिससे जल संग्रहण में सुविधा होगी। व्यवस्थित ढंग से यहां पौधारोपण और ग्रीन एरिया डेवलप किया जा रहा है जिससे यह परिसर सुंदर और आकर्षक दिखेगा। यहां आनेवाले छात्र-छात्राओं को विज्ञान की मूलभूत बातें, गतिविधियां और विज्ञान से जुड़ी हुई चीजों को गाइड के माध्यम से बेहतर ढंग से जानकारी दी जानी है इसको लेकर सारी व्यवस्था सुनिश्चित करें।