बिहार में दूसरे चरण के 5 सीटों पर मतदान संपन्न, शाम 6 बजे तक इतने प्रतिशत हुई वोटिंग

लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण का मतदान आज खत्म हो गया। वहीं बिहार में 5 लोकसभा सीटें किशनगंज, कटिहार, पूर्णिया, भागलपुर और बांका में चल रहा मतदान शाम 6 बजे समाप्त हो गया। इन सीटों पर मतदान सुबह सात बजे से शुरू हुआ था। भीषण गर्मी और लू के बीच बड़ी संख्या में मतदाताओं ने कतार में लगकर लोकतंत्र के इस महापर्व में अपनी भागीदारी सुनिश्चित की।

राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक शाम 6 बजे तक पूर्णिया में 59.94%,कटिहार में 64. 6%, किशनगंज में 64%, भागलपुर में 51% बांका 54% वोटिंग हुई। वही शाम 5 बजे तक बिहार की सभी पांच सीटों पर औसत 53.03% वोटिंग हुई। किशनगंज में 56.12%, कटिहार में 55.54%, पूर्णिया में 55.14%, भागलपुर में 47.26% और बांका में 49.5% वोटिंग हुई। पांच सीटों पर शाम 6 बजे तक औसत 58.58 फीसदी वोटिंग हुई।

दूसरे चरण के मतदान के बाद 50 उम्मीदवारों की किस्मत ईवीएम में कैद हो गया। भागलपुर और किशनगंज में 12-12 प्रत्याशी, बांका में 10, कटिहार में 9 और पूर्णिया में 7 प्रत्याशी चुनाव मैदान में उतरे थे। किशनगंज में एनडीए से मुजाहिद आलम और महागठबंधन से मोहम्मद जावेद प्रत्याशी हैं। तो वही कटिहार में एनडीए से दुलालचंद गोस्वामी और महागठबंधन से तारिक अनवर, वही पूर्णिया में एनडीए से सतोष कुशवाहा और महागठबंधन से बीमा भारती एवं निर्दलीय प्रत्याशी पप्पू यादव के बीच त्रिकोणीय टक्कर देखने को मिली। वही भागलपुर में एनडीए प्रत्याशी अजय मंडल और महागठबंधन से अजीत शर्मा जबकि बांका में एनडीए से गिरिधारी यादव और महागठबंधन से जय प्रकाश नारायण यादव का किस्मत ईवीएम में कैद हो गया है।

26 अप्रैल को लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण का मतदान खत्म हो गया। दूसरे चरण में 12 राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश की कुल 88 सीटों के लिए मतदान हुआ। कर्नाटक की 14, राजस्थान की 13, उत्तर प्रदेश की 8, महाराष्ट्र की 8, मध्य प्रदेश की 6, बिहार की 5, असम की 5, पश्चिम बंगाल की 3, छत्तीसगढ़ की 3, जम्मू-कश्मीर की 1, त्रिपुरा की 1 और मणिपुर की एक सीट पर वोटिंग हुई

Leave a Reply