देश में लॉकडाउन बढ़ना तय ? ज्यादातर मुख्यमंत्रियों ने हामी भरी, PM मोदी जल्द करेंगे राष्ट्र को संबोधित

देश में लागू लॉकडाउन और कोरोना संक्रमण को लेकर शनिवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राज्य के मुख्यमंत्रियों के साथ वीडियो कंफ्रेंसिंग के जरिये बैठक की। अभी देश को 21 दिनों के लिए लॉकडाउन कर दिया गया है, जिसे अब बढ़ाया जा सकता है। इस बैठक में ज्यादातर राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने लॉकडाउन को बढ़ाए जाने की सहमति दी है। जिसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दो हफ्तों के लिए लॉकडाउन को बढ़ाए जाने के संकेत दिए हैं। वहीं लॉकडाउन बढ़ाने पर किसानों को थोड़ी राहत भी दी जा सकती है।

24 मार्च को लगा था पहला लॉकडाउन

कोरोना संकट को देखते हुए 24 मार्च को देश में 21 दिन के लॉकडाउन का ऐलान किया गया था। 25 मार्च से शुरू हुए देशव्यापी लॉकडाउन का आखिरी दिन 14 अप्रैल है। हालांकि 21 दिनों के लॉकडाउन के बावजूद देश में कोरोना वायरस के मामले तेजी से बढ़े हैं। देश में अब तक कोरोना वायरस के सात हजार से ज्यादा संक्रमित मरीज सामने आ चुके हैं। जिसके बाद अब 30 अप्रैल तक लॉकडाउन को बढ़ाया जा सकता है।