प्रियंका गांधी को लोधी एस्टेट स्थित बंगला करना होगा खाली, मोदी सरकार ने भेजा नोटिस

कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा को लोधी एस्टेट स्थित बंगला खाली करने को लेकर मोदी सरकार ने उन्हें नोटिस भेजा है। उन्हें एक अगस्त तक बंगला खाली करने के लिए समय दिया गया है। एसपीजी सुरक्षा हटने के चलते उन्हें बंगला खाली करना होगा।

दो दशक से इसी मकान में रह रहीं प्रियंका

नोटिस मिनिस्ट्री ऑफ हाउसिंग एंड अर्बन अफेयर्स की ओर से जारी किया गया है। 6-बी हाउस नंबर- 35 लोधी एस्टेट में प्रियंका गांधी फैमिली के साथ रहती हैं। लगभग दो दशक से प्रियंका इसी मकान में रह रही हैं। सूत्रों के मुताबिक, प्रियंका गांधी नोटिस का पालन करेंगी और इस पर उन्हें कुछ नहीं कहना है।

नवंबर 2019 में हटी थी एसपीजी सुरक्षा

बता दें कि एसपीजी सुरक्षा के तहत गांधी परिवार को ये बंगला अलॉट किया गया था, लेकिन बीते साल नवंबर में केंद्र सरकार ने एसपीजी सुरक्षा हटा ली थी। मोदी सरकार के इस फैसले के बाद कांग्रेस ने इसे एक साजिश करार दिया था। पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की 21 मई, 1991 को हुई हत्या के बाद गांधी परिवार को एसपीजी सुरक्षा प्रदान की गई थी।