फ्लाइंग सिख मिल्खा सिंह का निधन… मुख्यमंत्री नीतीश ने बताया खेल जगत को अपूरणीय क्षति

भारत के महान धावक मिल्खा सिंह को कोरोना के चलते निधन हो गया है। मिल्खा सिंह पिछले कई दिनों से कोरोना स जूझ रहे थे। बतादें कि  उनके स्वास्थ्य की जानकारी देते हुए पीजीआईएमईआर अस्पताल ने कहा था कि शुक्रवार शाम को कोविड-19 के बाद उत्पन्न हुई जटिलताओं के कारण उनकी हालत गंभीर हो गयी जिसमें उनका आक्सीजन स्तर कम होना और बुखार आना शामिल था।

91 वर्षीय पद्मश्री मिल्खा सिंह पिछले महीने कोविड-19 से संक्रमित हुए इसके बाद  उनका परीक्षण बुधवार को नेगेटिव आया था जिसके बाद उन्हें कोविड आईसीयू से सामान्य आईसीयू में भेज दिया गया था और डाक्टरों की एक टीम उनके स्वास्थ्य पर नजर रख रही थी।

चार बार के एशियाई खेलों के स्वर्ण पदक विजेता मिल्खा ने 1958 राष्ट्रमंडल खेलों में भी पीला तमगा हासिल किया था। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन हालांकि 1960 के रोम ओलंपिक में था, जिसमें वह 400 मीटर फाइनल में चौथे स्थान पर रहे थे। उन्होंने 1956 और 1964 ओलंपिक में भी भारत का प्रतिनिधित्व किया। उन्हें 1959 में पद्मश्री से नवाजा गया था।

मालूम हो कि उनकी पत्नी निर्मल कौर का कोविड-19 संक्रमण से जूझते हुए रविवार को मोहाली में एक निजी अस्पताल में निधन हो गया था।

नीतीश बोले समाचार अत्यंत दुखद

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शोक संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि फ्लाइंग सिख मिल्खा सिंह जी के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। देश उनके योगदान को हमेशा याद रखेगा। उनके निधन से खेल जगत को अपूरणीय क्षति हुई है।