मुबई में दुहराया गया निर्भया जैसा कांड, 32 वर्षीय पीड़िता की हुई मौत, आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार

मुबई के साकीनाका इलाके में निर्भया जैसा कांड दुहराया गया। दुष्कर्म की शिकार हुई पीड़िता की शनिवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। 32 साल की रेप पीड़िता का इलाज राजावाड़ी हॉस्पिटल घाटकोपर में चल रहा था। अस्पताल प्रशासन ने भी पीड़िता की मौत की पुष्टि कर दी है। मालूम हो कि इस मामले में राष्ट्रीय महिला आयोग ने स्वत: संज्ञान लिया है।

यह वारदात मुंबई के साकी नाका इलाके में हुई थी। यहां खैरानी रोड पर एक 32 वर्षीय महिला के साथ पहले बलात्कार किया गया और रेप के बाद आरोपी ने उसके प्राइवेट पार्ट में रॉड डाल दी। महिला को बहुत गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया था. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

महिला की हालत थी गंभीर

महिला की स्थिति काफी गंभीर थी. वह वेंटिलेटर पर थी। शनिवार को मुंबई की मेयर राजावाड़ी अस्पताल घाटकोपर पहुंची थीं और उन्होंने पीड़िता का हाल जाना था।

वारदात का सीसीटीवी फुटेज आया सामने

वारदात का फुटेज भी सामने आया है। इसमें देखा जा सकता है कि आरोपी ने महिला के साथ रेप के बाद बुरी तरह से मारपीट की. उसने लोहे की रॉड से भी हमला किया। इसके बाद उसने महिला के प्राइवेट पार्ट में कई बार लोहे की रॉड डाली। इस घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी ने महिला को टैंपो में डाला और भाग गया।

15 मिनट बाद वहां से गुजरने वाले किसी शख्स ने महिला को खून से लथपथ बेहोशी की स्थिति में देखा। इसके बाद उसने मुंबई पुलिस को फोन किया। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज आरोपी के खिलाफ काफी अहम सबूत हैं।