MP : बागी विधायकों से मिलने पहुंचे पूर्व CM दिग्विजय सिंह गिरफ्तार, कई मंत्री भी हिरासत में

मध्य प्रदेश में सियासी घमासान थमने का नाम नहीं ले रहा है। उधर सुप्रीम कोर्ट में फ्लोर टेस्ट को लेकर सुनवाई हो रही है, वहीं इधर बागी विधायकों को मनाने की कवायद कांग्रेस ने तेज कर दी है। मध्य प्रदेश में कांग्रेस से बागी हुए ज्योतिरादित्य सिंधिया गुट के 22 विधायक 10 दिन से बेंगलुरु में हैं।

दिग्विजय सिंह समेत कई मंत्री गिरफ्तार

इसके लिए बुधवार सुबह पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह और कमलनाथ सरकार के कुछ मंत्री बेंगलुरु पहुंच गए। लेकिन कर्नाटक पुलिस ने उन्हें रमादा होटल के बाहर ही रोक दिया। इसके बाद सभी कांग्रेस नेता सड़क पर धरने पर बैठ गए। पुलिस ने दिग्विजय सिंह, कांतिलाल भूरिया समेत करीब 10 कांग्रेस नेताओं को हिरासत में ले लिया। इन नेताओं को अमृताहल्ली थाने ले जाया गया। दिग्विजय ने कहा है कि अब वे थाने में भूख हड़ताल करेंगे।

मुख्यमंत्री कमलनाथ ने पुलिस की इस कार्रवाई को हिटलरशाही बताया है। उन्होंने कहा कि अगर जरूरत पड़ी तो मैं भी उन विधायकों से मिलने बेंगलुरु जाऊंगा।