पाला बदलते हीं श्याम रजक के बदले सुर, कहा सिर्फ बड़े-बड़े वादे करते हैं CM, होता कुछ नहीं

बिहार सरकार के पूर्व मंत्री श्याम रजक आरजेडी में शामिल हो गये हैं। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई। आरजेडी का हिस्सा बनने के बाद उन्होंने नीतीश सरकार पर कई सवाल उठाये। उन्होंने कहा कि राज्य में कानून व्यवस्था एकदम ध्वस्त हो गयी है। थानों में एफआईआर तक सही से नहीं लिखी जाती है। उन्होंने अपराध को लेकर भी नीतीश सरकार पर कई सवाल उठाये हैं। सरकारी नीतियों पर भी श्याम रजक ने सवाल उठाये हैं। उन्होंने कहा कि जो संविधान की रक्षा नहीं कर सकते, वे अपने राज्य में क्या विकास कर सकते हैं।

आपको बता दें कि 11 सालों के बाद श्याम रजक आरजेडी में वापस लौटे हैं। 2009 में रजक ने लालू यादव का साथ छोड़ दिया था।

श्याम रजक ने कहा कि मुझे तेजस्वी यादव की निष्ठा और विश्वास पर पूरा भरोसा है। वे बिहार की विकास में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। मुझे खुशी है कि तेजस्वी यादव के नेतृत्व में हम बिहार को आगे बढ़ाएंगे।

वहीं तेजस्वी यादव ने कहा कि श्याम रजक के अपने पुराने घर में वापस लौटने को लेकर हम सब खुश हैं।