जेल में बंद बाहुबली अनंत सिंह को राजद ने दिया टिकट, जानिए मोकामा से कौन दे रहा टक्कर ?

बाहुबली अनंत सिंह को बिहार चुनाव के लिए मोकामा सीट से राजद ने टिकट दिया है। पटना के बेऊर जेल में बंद अनंत सिंह इस बार लालटेन छाप पर चुनाव लड़ेंगे। वह बुधवार को नामांकन दाखिल करेंगे। 2015 का चुनाव अनंत सिंह ने जेल में रहते हुए निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में लड़ा था और जीत दर्ज की थी। पिछले दिनों अनंत सिंह ने पेशी के दौरान मीडिया से कहा था कि इस बार मैं राजद के टिकट पर चुनाव लड़ूंगा और तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री बनाने के लिए काम करूंगा।

अनंत सिंह को कौन दे रहा टक्कर ?

मोकामा में अनंत सिंह का मुकाबला जदयू के उम्मीदवार राजीव लोचन सिंह से होगा। 2015 के विधानसभा चुनाव में मोकामा से 20 लोगों ने नामांकन दाखिल किया था। 15 लोग मैदान में थे, जिनमें से 13 की जमानत जब्त हो गई थी। अनंत सिंह का मुकाबला जदयू के नीरज कुमार से था जिन्हें अनंत ने 18348 वोट से हराया था। अनंत सिंह को 54005 वोट मिले थे।

2005 में भी जदयू के टिकट पर गये विधानसभा

2005 फरवरी में हुए विधान सभा चुनाव में अनंत सिंह जदयू के टिकट पर चुनाव लड़े और जीते थे। उसी साल 8 महीने बाद विधानसभा का चुनाव दूसरी बार हुआ और उसमें भी अनंत सिंह जदयू के ही उम्मीदवार थे। उस वक्त मोकामा से वो जीते भी। यह सिलसिला 2010 के चुनाव में भी जारी रहा। लेकिन बिखराव आया 2014 में आया। तब लोकसभा चुनाव से पहले ही मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद की दोस्ती हो चुकी थी।