मुंगेर गोलीकांड की घटना क्या जालियावाला बाग की याद दिलाती है ? तेजस्वी यादव ने जनरल डायर को लेकर नीतीश को घेरा

बिहार में आज सुबह से पहले चरण के लिए वोटिंग की जा रही है। इस बीच महागठबंधन की ओर से प्रेस कंफ्रेंस किया गया, जिसमें नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने मुंगेर गोलीकांड को लेकर मुख्यमंत्री को जमकर घेरा है।
मुख्यमंत्री से सीधा सवाल करते हुए तेजस्वी ने कहा कि मुख्यमंत्री जो राज्य के गृह मंत्री भी हैं वो क्या कर रहे थे। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी ने इस मामले में ट्वीट के अलावा क्या किया। प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस के रणदीप सिंह सुरजेवाला, शक्ति सिंह गोहिल और वाम दलों के नेता मौजूद रहे।

जनरल डायर बनने की अनुमति किसने दी

तेजस्वी ने कहा कि वे इस मामले में मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री से पूछना चाहते हैं कि मुंगेर पुलिस को जनरल डायर बनने की अनुमति किसने दी? उन्होंने कहा कि मुंगेर में नौजवानों को पुलिस ने घेर-घेरकर पीटा, बेकसूरों पर लाठियां बरसाई गईं। बिहार सरकार को बताना चाहिए कि पुलिस को क्रूरतापूर्वक लाठियां चलाने की अनुमति किसने दी। तेजस्वी ने इस घटना की किसी सेवानिवृत्त न्यायाधीश से जांच कराने की मांग की है।

राजद नेता ने मुंगेर की एसपी लिपि सिंह को तत्काल हटाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि लिपि सिंह एक जदयू नेता की बेटी हैं, उन्हें तत्काल हटाया जाना चाहिए। वहीं दूसरी ओर राज्य में पहले चरण के लिए मतदान जारी है। राज्य में आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की रैली होगी। प्रधानमंत्री दरभंगा, मुजफ्फरपुर और राजधानी पटना में रैलियां करेंगे। इसकी जानकारी खुद उन्होंने ट्वीट के जरिए दी थी।