बिहार कांग्रेस में हंगामा जारी, बेगूसराय में कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने भक्त चरण और मदन मोहन का विरोध, दिनकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किसान सत्याग्रह यात्रा का शुभारंभ

बिहार कांग्रेस में हंगामा थमने का नाम नहीं ले रहा है. भक्त चरण दास को प्रदेश कांग्रेस के नए प्रभारी बनाए जाने के बाद भी पार्टी में बगावत जारी है. प्रदेश के हर जिले में कांग्रेस की बैठक में हंगामा देखने को मिल रही है. वहीं बेगूसराय में एक बार फिर कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी भक्त चरण दास और प्रदेश अध्यक्ष मदन मोहन झा को कार्यकर्ताओं का विरोध झेलना पड़ा है। बेगूसराय में राष्ट्रकवि दिनकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण के समय विरोध का सामना करना पड़ा। कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के दो गुट आपस में भिड़ गए। दोनों ओर से लात-घूंसे तक चले। इस दौरान महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अमिता भूषण गिरते-गिरते बचीं।

दिनकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किसान सत्याग्रह यात्रा का शुभारंभ

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के आह्वान पर बिहार प्रदेश कांग्रेस ने किसान सत्याग्रह यात्रा के द्वितीय चरण का शुभारंभ किया है। 7 मार्च तक चलने वाली किसान सत्याग्रह यात्रा के दौरान प्रदेश के 16 जिलों में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। बिहार प्रदेश कांग्रेस प्रभारी भक्त चरण दास और प्रदेश अध्यक्ष डॉ. मदन मोहन झा ने राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किसान सत्याग्रह यात्रा के द्वितीय चरण का शुभारंभ किया।

गिरते गिरते बचीं महिला कांग्रेस अध्यक्ष

वहीं हंगामा कर रहे कार्यकर्ताओं का कहना है कि प्रदेश अध्यक्ष मदन मोहन झा ने कांग्रेस को बर्बाद कर दिया है। विधानसभा चुनाव में खुलेआम टिकट की बिक्री की गई। जीतने वाली सीट महागठबंधन के दलों से पैसे लेकर बेच दी गई। कार्यकर्ताओं के मारपीट के दौरान महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अमिता भूषण गिरते-गिरते बचीं।