किसकी होगी लोजपा, चिराग का चिराग या होगा पारस का जलवा, जानिये जिला कमेटी का क्या है रुख

जमुई शहर स्थित द्वारिका विवाह भवन में बुधवार को सुर्ख़ियों में रहा। वहां लोक जनशक्ति पार्टी कार्यकर्ताओं की बैठक जिलाध्यक्ष जीवन सिंह की अध्यक्षता में हुई। बैठक के दौरान कार्यकर्ताओं ने सांसद चिराग पासवान के प्रति आस्था व्यक्त किया और कहा कि उनके ही नेतृत्व में पार्टी आने वाले दिनों में और मजबूत होगी। इससे पूर्व कार्यकर्ताओं ने शहर में जुलूस निकाल पशुपति पारस सहित अन्य पांच सांसदों के खिलाफ नारेबाजी की और कचहरी चौक पर सभी का पुतला दहन किया। इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि चिराग ने जमुई लोक सभा में विकास किया है। जमुई में मेडिकल कॉलेज, सेंट्रल स्कूल आदि इसके उदाहरण हैं।

चिराग लोजपा के धड़कन है। लोजपा व कार्यकर्ता उन्हें पहचानते हैं। इस अवसर पर पूर्व जिलाध्यक्ष मु मोतीउल्लाह, दलित सेना जिलाध्यक्ष रविशंकर पासवान, प्रवक्ता चंदन सिंह, महिला नेत्री पिंकी वर्मा, युवा नेता अनिल सिंह सहित बड़ी संख्या में लोजपा कार्यकर्ता मौजूद थे।

वहीं कार्यकारी अध्यक्ष बनाये गये सूरजभान सिंह के पटना में कंकड़बाग स्थित आवास पर गुरुवार दिन के 10 बजे राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक तय की गयी है। पारस समर्थकों का कहना है कि बैठक में उन्हें सर्वसम्मति से लोजपा का अध्यक्ष चुन लिया जायेगा। इसके बाद उम्मीद जताई जा रही है कि वो मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात करेंगे। बताया जा रहा है कि सूरजभान के निजी आवास पर किलेनुमा सुरक्षा के घेरे में राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक रखी गयी है। जहां चिराग समर्थकों का प्रवेश असंभव है।

पोलिटिकल मामलों के विशेषग बताते है कि पारस गुट, राष्ट्रीय अध्यक्ष चुनाव के बाद ही चुनाव आयोग के सामने असली लोजपा होने का दावा करेगा।

हाजीपुर- वैशाली और नवादा: नेता कार्यकर्ता पसोपेश में

हाजीपुर. लोजपा जिलाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह का फोन भी स्वीच ऑफ है. कुछ लोग पशुपति कुमार पारस को संसदीय दल का नेता चुने जाने के लिए बधाई तो जरूर दे रहे हैं, लेकिन वे भी चाहते हैं कि पार्टी में सबकुछ पहले जैसा हो जाये। वहीं लोजपा संसदीय बोर्ड के सदस्य व प्रवक्ता संजय सिंह ने बताया कि पार्टी नेता व कार्यकर्ता आज भी चिराग पासवान के साथ मजबूती से खड़े हैं। उधर, लोजपा के वरीय नेता अजय कुशवाहा का कहना है कि यह परिवार का मामला है। हम सभी का प्रयास है कि परिवार व पार्टी दोनों एक रहे। वहीं

नवादा पार्टी कार्यकर्ता दो अलग-अलग गुटों में बाटते दिखाई दे रहे हैं। इन सब के बीच जिलाध्यक्ष अभिमन्यु कुमार सिंह ने कहा कि नवादा में ऐसी कोई संभावना से इंकार करते हुए कहा है कि नवादा लोजपा की पूरी टीम कार्यकारी अध्यक्ष सूरजभान सिंह के साथ है।

खगड़िया, समस्तीपुर, नवादा – पारस के साथ

खगड़िया लोजपा जिलाध्यक्षा मो मासूम ने बताया कि कार्यकर्ता पशुपति कुमार पारस के साथ हैं।

समस्तीपुर लोजपा के जिला मीडिया प्रभारी उमाशंकर मिश्रा ने बताया कि संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष पशुपति कुमार पारस के नेतृत्व में जिला लोजपा पूरी तरह एकजुट है. उन्होंने बताया कि सांसद प्रिंस राज के साथ जिला लोजपा के कार्यकर्ता हैं।

चिराग ने राजू तिवारी को बनाया प्रदेश अध्यक्ष

चिराग पासवान ने अपने खास पूर्व विधायक राजू तिवारी को लोजपा के बिहार इकाई का प्रदेश अध्यक्ष मनोनीत किया है। पार्टी अध्यक्ष चिराग पासवान के दस्तखत से बुधवार को राजू तिवारी के मनोनयन की चिट्ठी जारी की गयी है। इसके पहले राज तिवारी लोजपा के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष पद पर थे।