नीतीश कुमार और प्रशांत किशोर की मुलाकात पर, सूबे के मुख्यमंत्री पर जमकर बरसे राजद नेता तेजस्वी यादव।

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का दिल्ली में प्रशांत किशोर से मुलाकात करना बिहार प्रतिपक्ष के राजद नेता तेजस्वी यादव को नागवार गुजरा। यही कारण है कि राजद नेता तेजस्वी यादव बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के दिल्ली यात्रा के दौरान राजनीतिक रणनीतिकार प्रशांत किशोर के साथ हुई मुलाकात को लेकर सूबे के मुखिया पर जम कर बरस गए।

नीतीश कुमार और प्रशांत किशोर के मुलाकात पर क्या कुछ कहा तेजस्वी यादव ने?

उन्होंने मीडिया बंधुओ से बात करते हुए नीतीश कुमार और प्रशांत किशोर की मुलाकात पर बड़े ही बारीकी से तंज किया है। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार किससे मिलते हैं, यह उनका काम जाने। बिहार में रोज़ हत्या, अपहरण, माफियाओं का ज़ुल्म हो रहा है। नीतीश जी अगर उनके पीड़ितों से मिल लेते तो ज़्यादा अच्छा होता। किसी पीड़ित परिवार से उनको मिलना नहीं है, फिर किससे मिलते हैं नहीं मिलते हैं यह क्या मायने रखता है।

सूबे में कहां हुआ माफियाओं का जुल्म…

दरअसल बीते दिनों बिहार के दरभंगा में भू माफियाओं के द्वारा जमीन विवाद में चार लोगो को जिंदा जला दिया गया था। चौकाने वाली बात तब सामने आई जब पीड़ितों के स्टेटमेंट ने पुलिस प्रशासन पर ही सवाल खड़े कर दिए थे।

राजद की प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में क्या बोले तेजस्वी यादव…

मीडिया बंधुओ को अपना स्टेटमेंट देने से पहले आज पटना में राजद प्रदेश कार्यालय में युवा राष्ट्रीय जनता दल की प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में तेजस्वी यादव ने कहा कि पार्टी में सब को साथ लेकर चलना होगा। तेजस्वी यादव ने कहा कि काफी समय बाद युवा राजद नेताओं से मुलाकात हो रही है। चुनाव के समय युवा राजद ने काफी संघर्ष किया था। चुनाव में हमारा मुद्दा भी बेरोगारी को दूर करने का था। आज सूबे की स्थिति ऐसी है कि आज प्रदेश का हर युवा लगभग बेरोजगार है। युवाओं के पास डिग्री तो है पर राज्य में नौकरी की किल्लत है।

जो पार्टी में मेहनत करेगा उसको पार्टी का नेतृत्व करने का मौका मिलेगा- तेजस्वी यादव


तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार के युवाओं ने राजद का साथ दिया। मौजूदा सरकार ने एक दो सीट में गड़बड़ी कर राजद को सत्ता से बाहर कर दिया। तेजस्वी यादव ने सीट बंटवारे पर कुछ लोगों की नाराजगी पर भी साफ कह दिया है कि सीट बंटवारे में नाराजगी न दिखाएं। पार्टी सब को देख कर चल रही है। पार्टी को मजबूत करने के लिए नेतृत्व हमेशा बदलते रहना चाहिए। जो पार्टी में मेहनत करेगा उसको पार्टी का नेतृत्व करने का मौका मिलेगा।